Budaun News: विधायक की फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर मांगे रुपये

दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह।
– भाजपा आईटी विभाग के सह संयोजक ने दर्ज कराया मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
दातागंज (बदायूं)। साइबर अपराधियों के दातागंज के भाजपा विधायक राजीव कुमार सिंह की फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर तमाम लोगों को मेसेज कर रुपये मांगने का मामला सामने आया है। इस संबंध में भाजपा आईटी विभाग के सह संयोजक देवेश कुमार सिंह ने कोतवाली में एफआईआर दर्ज कराई है।
मामला 16 जुलाई का है। उसी दिन भाजपा विधायक की फर्जी इंस्ट्राग्राम आईडी बनाई गई। इसके बाद तमाम लोगों को आईडी से जोड़ा गया। चूंकि आईडी पर दातागंज विधायक का नाम, पदनाम और फोटो भी लगा था। इससे धीरे-धीरे तमाम लोग आईडी से जुड़ गए। इसके बाद साइबर अपराधियों ने लोगों को मेसेज कर रुपये मांगना शुरू कर दिए।
जब लोगों के जुड़ने के बाद रुपये मांगने के मेसेज आने शुरू हुए तो सोशल मीडिया पर सक्रिय रहने वाले लोग तुरंत पूरा माजरा समझ गए। किसी ने रुपये नहीं डाले और विधायक को सूचना दी।
भाजपा विधायक ने तुरंत भाजपा आईटी विभाग के सह संयोजक देवेश कुमार सिंह को जानकारी दी। वह कोतवाली पहुंचे और इस संबंध में एफआईआर दर्ज कराई। इंस्पेक्टर सौरभ सिंह ने टीम लगाकर मामले की छानबीन शुरू करा दी। साइबर सेल को भी इस मामले में लगा दिया गया है।
–
गूगल-पे पर मांगे गए रुपये
भाजपा आईटी विभाग के सह संयोजक देवेश कुमार सिंह का कहना है कि जिन लोगों से रुपये मांगे गए थे। उनका कहना है कि उनसे मेसेज करके गूगल-पे करने को कहा गया। किसी से 10 हजार तो किसी से 15 हजार रुपये मांगे गए।
–
फर्जी आईडी बनाकर रुपये मांगने का कार्य कोई ठग ही कर सकता है। हालांकि यह अपराधियों का काम है लेकिन उन्होंने मेरी आईडी बनाकर छवि धूमिल करने का भी काम किया है। यह हरकत बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसमें पुलिस को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।
– राजीव कुमार सिंह, विधायक दातागंज