Budaun News: भयावह हुआ डेंगू, मां-बेटे समेत आठ लोगों की मौत

लार्वा नष्ट करता स्वास्थ्य कर्मी।स्रोत-स्वास्थ्य विभाग
बदायूं। आसफपुर क्षेत्र के गांव लक्ष्मीपुर में डेंगू से मां-बेटे समेत पांच लोगों की मौत मंगलवार रात इलाज के दौरान बरेली में हो गई, वहीं दर्जनों लोग अब भी चपेट में हैं। इधर, वजीरगंज के गांव पेंपल में एक महिला और मुजरिया क्षेत्र में दो युवकों की डेंगू ने जान ले ली। स्वास्थ्य विभाग के डेंगू की रोकथाम के प्रयास बौने साबित हो रहे हैं।
लक्ष्मीपुर गांव निवासी अफसाना (53) पत्नी रहीस, वहारूल बेगम पत्नी तस्लीम व उनके बेटे तंजीव (10) को कई दिनों से बुखार आ रहा था। परिजनों ने उन्हें बरेली में भर्ती कराया था। परिजनों के मुताबिक, जांच में डॉक्टर ने उन्हें डेंगू होने की बात कही। सोमवार रात इलाज के दौरान तीनों की बरेली में मौत हो गई।
इसी गांव की सन्नो (60) पत्नी दिलगीर व ललिया बेगम पत्नी सफी अहमद की रविवार रात इलाज के दौरान बरेली में मौत हो गई। पूर्व प्रधान नुसरत खां ने बताया कि एक सप्ताह में 21 लोगों की मौत हो चुकी है। मौजूदा प्रधान शफीक अहमद ने बताया कि गांव में लगातार एंटीलार्वा का छिड़काव कराया जा रहा है।
वजीरगंज। गांव पेंपल निवासी त्रिवेणी कश्यप की 45 वर्षीय पत्नी ज्योति कश्यप को पांच दिन पहले बुखार आया था। परिजनों ने उनको निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जांच होने पर डेंगू की पुष्टि हुई। हालत में सुधार न होने पर परिजनों ने उन्हें चंदौसी के निजी अस्पताल में भर्ती कराया जहां इलाज के दौरान सोमवार देर रात मौत हो गयी। गांव में डेंगू से यह आठवीं मौत सामने आई है।
मुजरिया। विकास खंड सहसवान के गांव जिझाट निवासी रविकांत (22) पुत्र सेवाराम व दीपक (32) पुत्र ओमप्रकाश को बुखार आने पर निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिसमें दोनों को डेंगू होने की पुष्टि हुई। सोमवार रात दोनों की इलाज के दौरान मौत हो गई।
1259 मरीजों की जांच में 683 में बुखार, छह डेंगू संक्रमित मिले
बदायूं । जिले में मंगलवार को दस गांवों में कैंप लगाकर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 1259 मरीजों की जांच की, जिसमें 683 बुखार के मरीज मिले, वहीं छह लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई है। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार, अब जिले में डेंगू संक्रमित मरीजों की संख्या 182 हो गई है।
फोटो
मलेरिया विभाग ने किया लार्वा नष्ट
बदायूं। मंगलवार को ब्लॉक–अंबियापुर के ग्राम बांस बरौलिया में मलेरिया निरीक्षक तनवीर सिंह द्वारा ग्रामवासियों को संचारी रोगों से बचाव रोकथाम एवं नियंत्रण हेतु जागरूक किया गया। लार्वा पाए जाने पर उसे नष्ट कराया गया। मलेरिया निरीक्षक सनी कुमार द्वारा सोर्स रिडक्शन की कार्रवाई की गई एवं लार्वा पाए जाने पर घर मालिक को नोटिस जारी किया गया। ब्लॉक दातागंज के ग्राम पापड़ में मलेरिया निरीक्षक अमित कुमार तिवारी द्वारा लार्वा सोर्स रिडक्शन किया गया।

लार्वा नष्ट करता स्वास्थ्य कर्मी।स्रोत-स्वास्थ्य विभाग