Budaun News: श्याम प्रभु के जगराते में रातभर भजनों पर झूमे श्रद्धालु

उझानी में श्याम बाबा के जगराते में केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा को सम्मानित करते आयोजक। संवा
उझानी। खाटू नरेश श्री श्याम प्रभु की जयंती पर बृहस्पतिवार देर शाम से शुरू जगराते में शुक्रवार तड़के तक भक्त श्याम के भजनों से सराबोर होते रहे। श्याम दरबार की पूजा-अर्चना के बाद जयपुर निवासी गायक प्रमोद त्रिपाठी के भजन ””जितने सेठ जहां में मौज उड़ाते हैं कि मुझे पता है, वह भी खाटू जाते हैं”” ने भक्तों को भाव विभोर कर दिया।
जयंती समारोह के तहत श्याम बाबा का दरबार हनुमान गढ़ी मंदिर परिसर में सजा। कार्यक्रम शुरू होने पर केंद्रीय सहकारिता राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने दरबार के प्रमुख महंत अजय कुमार मित्तल की मौजूदगी में पूजा-अर्चना की। इसके बाद गायक प्रमोद त्रिपाठी ने श्याम बाबा का गुणगान करते हुए उनसे जुड़ी कथाओं को सुनाया। त्रिपाठी के भजनों ने समा बांध दिया। इसके बाद जगराते में भजनों की बयार बरेली के शिवम शर्मा ने बहाई।
उनका भजन ””सांसों का बनाके हार बाबा को चढ़ा दो””
भक्तों की जुबां पर गूंजता रहा। सुबह करीब पांच बजे आरती के बाद भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया। आयोजक मंडल की ओर से केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा को सम्मानित किया। इस दौरान अमित मित्तल, नीलांशु अग्रवाल, अशोक गर्ग, दीपक गर्ग, अनिल तुलस्यान, विवेक वार्ष्णेय, धीरज मित्तल, उदय सिंघल, अमित अग्रवाल, प्रदीप माहेश्वरी, गगन मित्तल आदि मौजूद थे।
श्याम बाबा चुलकाना धाम में हुआ भंडारा
मिल कंपाउंड के नजदीक बसोमा रोड स्थित खाटू श्याम बाबा चुलकाना धाम पर शुक्रवार को धार्मिक कार्यक्रम हुए। मंदिर प्रबंधक प्रमोद शर्मा और पुजारी मनु गोपाल गौड़ ने बाबा का पूजन किया। शृंगार आरती के बाद भंडारे में भक्तों ने प्रसाद पाया। श्याम भक्तों ने मंदिर परिसर की परिक्रमा भी की। भंडारा शाम तक चला।
बाबा श्याम का किया भव्य शृंगार, आरती उतारी
वजीरगंज। मुख्य बाजार स्थित सरस्वती मंदिर पर बृहस्पतिवार की रात में श्याम भक्तों ने बाबा खाटू श्याम का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया। इस दौरान बाबा श्याम की मूर्ति का भव्य शृंगार करके उनकी आरती के बाद केक भी काटा गया। इस दौरान उत्साहित भक्तों ने नगर में जमकर आतिशबाजी छोड़ी। इस दौरान रजनीश वार्ष्णेय, शैलेश वार्ष्णेय, सुरेश वार्ष्णेय, सुरेंद्र वार्ष्णेय, रिंकू गुप्ता, दीपक, यश, हनी, अंकित, सौम्य सोनी, रोविन, रजत , मयंक सहित अनेक श्याम भक्त मौजूद रहे। संवाद

उझानी में श्याम बाबा के जगराते में केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा को सम्मानित करते आयोजक। संवा