बदायूं

Budaun News: वजीरगंज में दिनदहाड़े ढाबा मालिक का अपहरण

Connect News 24

बदायूं। वजीरगंज थाना क्षेत्र में दिन दहाड़े मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर ढाबा मालिक का अपहरण कर लिया गया। बदमाश ढाबा मालिक को कार में डालकर मुरादाबाद की ओर निकल गए। घटना की सूचना पर एसओजी और वजीरगंज पुलिस ने कार का पीछा करना शुरू कर दिया। एसओजी ने मुरादाबाद से कार की घेराबंदी कर ढाबा मालिक को छुड़ा लिया। साथ ही पांच बदमाश दबोच लिए। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।

बृहस्पतिवार को दोपहर करीब एक बजे सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के गांव बरातेगदार निवासी कुमरेश उर्फ लल्लू कुनार गांव के पास अपने ढाबा पर बैठे थे। ढाबे के पीछे ही उनका घर है। इसी दौरान बरेली नंबर की कार आकर उनके पास रुकी। कार में सवार लोगों ने उनसे कहा कि वह जमीन लेना चाहते हैं। ढाबे के आसपास कोई जमीन हो तो बता दें।

कुमरेश जैसे ही कार के पास जमीन बताने को पहुंचे कि पांच बदमाशों ने उन्हें कार में खींच लिया। वह तेजी से कार लेकर भागने लगे। लल्लू के बेटे प्रदीप ने पुलिस को सूचना दी तो दिनदहाड़े अपहरण की जानकारी मिलते ही पुलिस में खलबली मच गई।

पुलिस अधिकारियों ने एसओजी समेत आसपास की पुलिस को तलाश में लगा दिया। एसओजी और पुलिस ने कार नंबर के आधार पर पीछा करना शुरू कर दिया। पुलिस और एसओजी ने मुरादाबाद से कुमरेश को छुड़ाकर कार सवार बदमाशों को भी पकड़ लिया।

कुमरेश ने गांव के ही एक युवक के इशारे पर अपहरण की बात कही है। एसएचओ धनंजय पांडेय ने बताया कि कार सवारों को हिरासत में लिया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। ढाबा मालिक की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button