बदायूं

Budaun News: धमकी पर बिफरी दुल्हन, इन्कार पर शादी टूटी तो सहेली बनी दूल्हे की हमसफर

Connect News 24

उझानी (बदायूं)। दुल्हन की फुफेरे भाई से नजदीकी ने बिल्सी क्षेत्र से आई बरात की खुशियों में रंग में भंग डाल दिया। दूल्हे को जब इसकी भनक लगी तो उसने देख लेने की धमकी दे डाली। इसी बात पर बिफरी दुल्हन ने शादी करने से इन्कार कर दिया। इसके बाद दुल्हन ने अपने फुफेरे भाई संग सात फेरे ले लिए। उधर, रिश्तेदारों की मध्यस्थता में दुल्हन की सहेली के रूप में बिल्सी क्षेत्र वाले दूल्हे को भी हमसफर मिल गया।

मामला बुधवार रात कोतवाली क्षेत्र के एक गांव का है। गांव के एक व्यक्ति की बेटी की बरात बिल्सी क्षेत्र से आई थी। नाश्ता करने के बाद बरात चढ़ाने के लिए बराती मौजमस्ती में थे। बताते हैं कि बरात चढ़त से पहले दूल्हे ने दुल्हन को फोन कर धमका दिया था कि फुफेरे भाई को लेकर ऐसे ही चला तो वह शादी के बाद उसे देख लेगा। उसी समय गुस्साई दुल्हन ने बरात चढ़त के दौरान ही शादी करने से इन्कार कर दिया। माहौल बिगड़ता देख दूल्हे के पिता ने पुलिस बुला ली। दरअसल, दुल्हन अपने फुफेरे भाई के संपर्क में थी, इस कारण शादी टूट गई। इसके बाद दुल्हन के पिता ने बेटी की भावनाओं को समझते हुए कासगंज जिले के निवासी उसके फुफेरे भाई से उसकी शादी का ऐलान कर दिया।

इसके बाद दिलचस्प पहलू यह भी रहा कि इसी दौरान बिल्सी क्षेत्र के दूल्हे के परिजनों ने दुल्हन के गांव की एक अन्य लड़की के परिजनों को शादी करने के लिए रजामंद कर लिया। वह शादी से इन्कार करने वाली दुल्हन की सहेली बताई गई है। बृहस्पतिवार अपराह्न दोनों ने सात फेरे ले लिए।

इधर, प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि रात में मामला संज्ञान में आया था। मौके पर पहुंचे पीआरवी के पुलिसकर्मियों ने दोनों पक्ष के लोगों से जानकारी की, लेकिन किसी भी पक्ष ने शिकायत नहीं की। इसलिए कोई लिखापढ़त नहीं की गई है।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button