Budaun News: जिला अस्पताल में डायलिसिस यूनिट शुरू, मुफ्त मिलेगी सुविधा

जिला अस्पताल की डायलिसिस युनिट। संवाद
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूूं। ऐसे रोगियों, जिन्हें डायलिसिस की जरूरत है, उनके लिए यह खबर राहत देने वाली है। उन्हें अब बरेली, आगरा या दिल्ली की दौड़ नहीं लगाना पड़ेगी। जिला अस्पताल में ही उन्हें यह सुविधा मुफ्त मिल जाएगी।
जिला अस्पताल को सन 2019 से सुपर स्पेशियलिटी सुविधाओं से लैस करने की कोशिशें तेजी से शुरू की गईं। जिसके बाद जिला अस्पताल में पीपीपी मॉडल पर सीटी स्कैन की सुविधा को शुरू कराया गया, साथ ही डायलिसिस यूनिट का प्रस्ताव भी शासन को भेजा गया, लेकिन शासन स्तर पर यह प्रस्ताव काफी समय तक लंबित पड़ा था।
साल 2020 में डायलिसिस यूनिट के लिए उच्चस्तरीय टीम ने अस्पताल का निरीक्षण भी किया। इसके बाद स्वास्थ्य निदेेशालय की ओर से हीमोडायलिसिस यूनिट की स्थापना के जिला अस्पताल प्रशासन से रिपोर्ट मांगी। अस्पताल प्रशासन ने फिर शासन को रिपोर्ट भेज दी। वहां से मंजूरी मिलने के बाद करीब 80 लाख रुपये की लागत से इसके लिए भवन का निर्माण किया जाने लगा।
भवन को पूरा हाेने में अब भी करीब छह माह से ज्यादा का वक्त लगेगा, इसको ध्यान में रखते हुए फिलहाल मौजूदा सीएमएस डॉ. कप्तान सिंह ने बर्न वार्ड के पास में एक कक्ष में इस यूनिट को अस्थायी तौर पर शुरू करा दिया है। यहां एक बार में तीन लोगों की डायलिसिस की जा सकेगी।
–
एक बार में करीब चार हजार रुपये आता है खर्च
जिले में किडनी संबंधी रोगियों की संख्या काफी है, जो दिल्ली, बरेली या नोएडा जाकर डायलिसिस कराते हैं। यहां सरकारी से लेकर किसी निजी अस्पताल में भी डायलिसिस यूनिट नहीं है। ऐसे में मरीजों को बाहरी जिलों की दौड़ लगानी पड़ती है। रोग के अनुसार सप्ताह में एक बार तो कई बार सप्ताह में दो बार तक डायलिसिस करानी पड़ती है। डायलिसिस कराने वाले शहर के एक व्यक्ति के परिजनों के अनुसार, निजी अस्पताल में एक बार की डायलिसिस पर करीब चार हजार रुपये का खर्च आता है। बाहर आने-जाने और रुकने का खर्च अलग होता है।
–
जिला अस्पताल में डायलिसिस यूनिट को शुरू कर दिया है। अब जिस मरीज को जरूरत है वह निशुल्क इस सुविधा का लाभ ले सकता है। फिलहाल अस्थायी भवन में इसे शुरू किया गया है। स्थायी भवन बनने के बाद उसे वहां शिफ्ट कर दिया जाएगा।
– डॉ. कप्तान सिंह, सीएमएस



