बदायूं

Budaun News: जिला प्रोबेशन अधिकारी पर गबन का आरोप

Connect News 24

– सहसवान के कृष्ण कुमार ने डीएम को सौंपा शिकायती पत्र

– कहा- फर्जी बिल बाउचर लगाकर निकाली गई है रकम

संवाद न्यूज एजेंसी

बदायूं। जिला प्रोबेशन अधिकारी अभय कुमार की मुसीबतें कम होने का नाम नहीं ले रहीं हैं। अब उनके खिलाफ एक और शिकायत आई है। शिकायतकर्ता कृष्ण कुमार का कहना है कि उन्होंने फर्जी बिल बाउचर लगाकर सरकारी धनराशि का गबन किया है। उन्होंने इस संबंध में डीएम को शिकायती पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।

जिलाधिकारी से की शिकायत में सहसवान कस्बे के मोहल्ला सैफुल्लागंज निवासी कृष्ण कुमार राठी ने कहा है कि जिला प्रोबेशन कार्यालय की ओर से बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन न तो इसका प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। न ही लोगों को जागरूक किया जा रहा है। अनेक मदों में खर्चा दिखाकर सरकारी धनराशि निकाल ली गई है।

कानपुर की एक कंपनी के नाम से ही सारे बिल पास किए गए हैं। आरोप है कि आईसीपीएस में आवंटित धनराशि, वन स्टॉप सेंटर, किशोर न्याय बोर्ड, महिला शक्ति केंद्र, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, बाल कल्याण समिति और जिला प्रोबेशन कार्यालय के नाम से धनराशि निकाली गई है। इन बिलों के हिसाब से कार्यालय में 30 फीसदी ही सामग्री प्राप्त हुई है। कानपुर की जो कंपनी है वह उनके रिश्तेदार हैं। कृष्ण कुमार का यह भी आरोप है कि बालिका गृह से तीन किशोरियों ने लापता हो गई हैं। आज तक उनका कुछ पता नहीं चला है। इसमें भी सबसे बड़ी लापरवाही रही। कृष्ण कुमार ने मामले की जांच कराने की मांग की है।

कुछ समय पहले वन स्टॉप सेंटर में कार्यरत कर्मचारियों को बर्खास्त किया गया था। उनमें कई कर्मचारी सहसवान कस्बे के थे। तब से लगातार फर्जी शिकायत की जा रही है। इससे पहले भी कई शिकायतें आ चुकी हैं। तीन शिकायतें सहसवान के लोगों ने ही की हैं। कार्यालय में इस तरह का कोई फर्जीवाड़ा नहीं हुआ है। केवल नाम खराब करने के लिए यह शिकायतें की गई हैं।

– अभय कुमार, जिला प्रोबेशन अधिकारी


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button