Budaun News: पुलिस लाइन में खोला गया जिले का पहला साइबर क्राइम थाना, स्टाफ तैनात
बदायूं। जिले में बढ़ते साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए पुलिस लाइन में अस्थायी तौर पर जिले का पहला साइबर थाना खोल दिया गया है। इंस्पेक्टर राकेश सिंह को प्रभारी बनाया गया है। उनके अलावा एक सब इंस्पेक्टर और छह पुलिस कर्मी भी तैनात किए गए हैं। गाड़ी भी उपलब्ध करा दी गई है। जल्द ही थाने में एफआईआर दर्ज होने लगेंगी।
एसएसपी डॉ. ओपी सिंह एक साल से साइबर क्राइम थाना खोलने की कोशिश में थे। शुरुआती दौर में खेड़ा नवादा इलाके में जगह देखी गई थी लेकिन वह पर्याप्त नहीं थी। इससे वहां थाना खोलने की योजना निरस्त कर दी गई थी। इसके बाद शहर में चित्रांशनगर के नजदीक चांदमारी की जगह साइबर थाना बनाने के लिए जगह चिह्नित की गई। हालांकि अभी भवन निर्माण के लिए बजट नहीं मिला है। एसएसपी ने पुलिस लाइन में साइबर थाना खुलवा दिया है। इसके लिए कंट्रोल रूम के बराबर वाली बिल्डिंग दे दी गई है।
सभी सुविधाओं से लैस होगा साइबर थाना
जिले का पहला साइबर थाना पुलिस लाइन में खुल गया है। यहां कंप्यूटर सिस्टम, नेट, वाईफाई सिस्टम सबकुछ लगाया जाएगा, इससे पुलिस कर्मी साइबर अपराधियों का पता कर सकेंगे और उन्हें गिरफ्तार करके जनता को न्याय दिला सकेंगे।
पुलिस लाइन में कंट्रोल रूम के बराबर में साइबर थाना खोला गया है। यहां इंस्पेक्टर समेत आठ पुलिस कर्मियों को तैनात कर दिया गया है। उन्हें एक गाड़ी भी दे दी गई है। जब चांदमारी में थाने का निर्माण हो जाएगा, फिर वहां थाना ट्रांसफर कर दिया जाएगा। – डॉ. ओपी सिंह, एसएसपी