Budaun News: दिल्ली हाईवे पर कार की टक्कर से साइकिल सवार दिव्यांग की मौत

कार की टक्कर से घायल देशराज और उसका बेटा ब्रजेश। संवाद
पहले ई-रिक्शा से भी भिड़ी कार, पुलिस ने कार समेत चालक दबोचा
– हादसे में ई-रिक्शा सवार पिता-पुत्र समेत चार लोग घायल
संवाद न्यूज एजेंसी
उझानी (बदायूं)। दिल्ली हाईवे पर ई-रिक्शा सवार लोगों को रौंदने के बाद बेकाबू इको कार ने साइकिल सवार दिव्यांग मनोज कुमार को पीछे से टक्कर मार दी। दिव्यांग की राजकीय मेडिकल कॉलेज ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। हादसे में ई-रिक्शा सवार पिता-पुत्र समेत चार लोग भी घायल हुए हैं। पुलिस ने हादसे के बाद कार समेत उसके चालक को दबोच लिया।
हादसा मंगलवार पूर्वाह्न करीब 10 बजे हुआ। मनोज कुमार (30) कोतवाली क्षेत्र के गांव हजरतगंज में रहते थे। वह साइकिल से घर जा रहे थे। हाईवे पर पीछे से टक्कर लगते ही वह कार के नीचे आ गए। कार चालक इससे पहले ई-रिक्शा को भी टक्कर मार चुका था। हादसे में ई-रिक्शा चालक गांव अथइया निवासी देशराज (45) पुत्र रूम सिंह और उसके नौ वर्षीय बेटे ब्रजेश के अलावा सवारियों में दो अन्य लोगों के भी चोट आई हैं। घायलों में दो लोग निजी क्लीनिक पर प्राथमिक उपचार कराके चले गए तो वहीं पुलिस ने देशराज और ब्रजेश का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर उपचार कराया।
वहीं नाजुक हालत में दिव्यांग मनोज को उसके परिजन राजकीय मेडिकल कॉलेज ले जा रहे थे कि रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। सूचना के बाद उनके परिजन भी मेडिकल कॉलेज पहुंच गए। इस बीच पुलिस ने इको कार और उसके चालक को दबोच लिया। चालक ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि वह दिल्ली से लौट रहा था। अधिक जागने की वजह से उसे अचानक झपकी आ गई थी। इसी के चलते पहले ई-रिक्शा चपेट में आ गया। यहां बता दें कि कार में दो-तीन लोग सवार थे। उनमें से किसी को भी चोट नहीं आई है। प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों ने अब तक घटना की तहरीर नहीं दी है।

कार की टक्कर से घायल देशराज और उसका बेटा ब्रजेश। संवाद