Budaun News: धोखाधड़ी कर रुपये हड़पने वाला डीके दबोचा, जेल भेजा

सिविल लाइंस थाने में पुलिस की हिरासत में अरोपी ध्रुव कुमार मौर्य।स्रोत-पुलिस
रविवार रात थाना पुलिस ने दर्ज की एक और एफआईआर
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। शहर में तमाम लोगों को लाखों रुपये का चूना लगाने वाला ध्रुव कुमार मौर्य उर्फ डीके आखिरकार पकड़ा गया। उसके खिलाफ रविवार रात एक और मामला दर्ज हुआ है। उसने रुपये मांगने के दौरान भुक्तभोगियों से गालीगलौज की थी और उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी थी। इससे पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी डीके को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
आरोपी ध्रुव कुमार मौर्य उर्फ डीके सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के मोहल्ला चित्रांश नगर का रहने वाला है। वह तमाम लोगों से लाखों रुपये ठग चुका था। उसने ग्रीन इन्फ्राहाइट्स लिमिटेड कंपनी खोली थी। वह लोगों को रुपये दोगुने करने का लालच देता था और उनके रुपये जमा कराता था। फिर पांच साल पूरे होने के बावजूद रुपये नहीं देता था।
शनिवार रात मीरा सराय निवासी पप्पू की मौत हो गई थी। उसके परिवार वालों ने डीके के घर के सामने शव रखकर प्रदर्शन किया था। करीब तीन घंटे तक प्रदर्शन चला था। तब कहीं परिवार वाले शांत हुए थे। बाद में उन्होंने ध्रुव कुमार और उसकी पत्नी नीलम के खिलाफ धोखाधड़ी करने के आरोप में एफआईआर दर्ज कराई थी।
रविवार को मीरा सराय निवासी गुलफिशा पुत्री निहालउद्दीन सिविल लाइंस थाने पहुंचीं। उन्होंने तहरीर देते हुए बताया कि ध्रुव कुमार और उसकी पत्नी नीलम मौर्य से रुपये दोगुने करने का लालच देकर 1.10 लाख रुपये जमा कराए थे। पांच साल पूरे होने के बावजूद आरोपी ने उनके रुपये नहीं लौटाए। उनके साथ गालीगलौज की और उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी।
थाना पुलिस ने सोमवार को आरोपी ध्रुव कुमार को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। दोपहर बाद उसे जेल भेज दिया गया। अब तक आरोपी के खिलाफ सिविल लाइंस थाने में तीन और शहर कोतवाली में दो एफआईआर दर्ज हो चुकीं हैं।