Budaun News: डीएम ने बच्चों से गिनती-पहाड़े सुने, पर कम संख्या देखकर हुए नाराज

प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण करते डीएम मनोज कुमार। संवाद
– प्राथमिक और आदर्श संविलियन स्कूल का निरीक्षण करने पहुंचे थे डीएम
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। डीएम मनोज कुमार ने बृहस्पतिवार को शहर के पुलिस लाइन स्थित प्राथमिक स्कूल और आदर्श संविलियन विद्यालय का निरीक्षण किया। डीएम ने बच्चों से गिनती, पहाड़े, पेड़-पौधों और महापुरुषों के बारे में सवाल सुने, लेकिन डीएम बच्चों की कम संख्या देखकर नाराज हो गए। उन्होंने बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।
बृहस्पतिवार को डीएम ने निरीक्षण के दौरान कहा कि बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने बच्चों से कहा कि मेहनत से मन लगाकर पढ़ाई करें, जिससे वह ज्यादा से ज्यादा अंक प्राप्त कर सकें और उनका भविष्य उज्जवल बन सकें। डीएम ने निर्देश दिए कि नियमित रूप से बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण होता रहे। उन्होंने कई पंजिकाओं और निपुण कार्य योजना का भी अवलोकन किया।
डीएम ने रसोई घर, हैंडवॉश और शौचालय भी देखा। दोनों विद्यालयों में शौचालय गंदा मिलने पर डीएम ने निर्देश दिए कि प्रतिदिन नियमित रूप से साफ सफाई कराते रहें। कहीं भी गंदगी नहीं रहनी चाहिए।