Budaun News: डॉक्टर अब्दुल सलाम बने प्रभारी सीएमओ
बदायूं। सीएमओ डॉ. प्रदीप कुमार वार्ष्णेय के निलंबित होने के बाद सीनियर डॉक्टर अब्दुल सलाम को प्रभारी सीएमओ का चार्ज दिया गया है। वह परिवार नियोजन के नोडल अधिकारी हैं।
बताया जाता है कि जब तक नए सीएमओ की तैनाती नहीं हो जाती तब तक सीएमओ स्तर के सभी कार्य डॉ. अब्दुल सलाम द्वारा संपादित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि सीएमओ के जाने के बाद एडी हेल्थ डॉ.पुष्पा पंत ने अस्थायी तौर पर उनको कार्य देखने के लिए नामित किया है। संवाद
शुक्रवार रात 12 बजे तक सीएमओ आवास पर डटे रहे कर्मचारी
बदायूं। शुक्रवार दोपहर बाद जैसे ही सीएमओ के निलंबन की जानकारी पहुंची उनके कार्यालय के कर्मचारियों में हलचल मच गई। देर शाम तक गहमागहमी का माहौल रहा। वहीं महत्वपूर्ण फाइलों पर रात को उनके आवास पर जाकर हस्ताक्षर कराए गए। देर रात तक कर्मचारी उनके आवास पर डटे रहे।
कार्यालय के ही एक कर्मचारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि कुछ फाइलें ऐसी थी जिसमें राशि पहले ही निकाल ली गई थी और फाइल पर हस्ताक्षर नहीं थे। इन फाइलों पर बैक डेट में हस्ताक्षर कराए गए। डॉ. प्रदीप कुमार शनिवार शाम को लखनऊ के लिए रवाना हो गए। संवाद