Budaun News: रजिस्ट्री के दौरान उपनिबंधक कार्यालय में दो पक्षों में चले जूते-चप्पल
बिसौली। कृषि भूमि की रजिस्ट्री करने के दौरान उपनिबंधक कार्यालय में दो पक्षों में जमकर जूते-चप्पल चले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सात लोगों को हिरासत में ले लिया।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सिद्धपुर कैथोली निवासी रूम सिंह कृषि भूमि का बैनामा कराने बुधवार को उपनिबंधक कार्यालय पहुंचे थे। उनके साथ गांव के ही संजीव और राजीव भी थे। बताते हैं कि जब जब कागज़ी प्रक्रिया पूरी की जा रही थी तभी गांव के ही वीरेश, कल्याण, भूरे सहित चार लोग भी उपनिबंधक कार्यालय पहुंच गए।
वीरेश पक्ष के लोग इस भूमि पर अपना स्वामित्व बताकर बैनामा करने का विरोध करने लगे। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी होने लगी। विवाद बढ़ने पर उनमें हाथापाई के साथ ही जूते-चप्पल चलने लगे। यह देखकर वहां भीड़ जुट गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दोनों पक्षों के सात लोगों को हिरासत में ले लिया। प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। उसके बाद कार्रवाई की जाएगी। इधर, उपनिबंधक विपिन शर्मा ने बताया कि मामला कार्यालय के बाहर का है।



