Budaun News: घाट पर गूंजे महादेव के जयकारे, हाईवे पर थिरके कांवड़िये

शेखूपुर के कांवड़ियों की टोली।
उझानी/कछला (बदायूं)। सावन के दूसरे सोमवार को शिव मंदिरों में जलाभिषेक से पहले रविवार सुबह से ही कछला गंगाघाट आस्था से सराबोर नजर आया। शिव भक्तों ने घाट पर भी कांवड़ पूजन किया बरेली-मथुरा हाईवे पर पूरे दिन कांवड़ियों के थिरकने के साथ महादेव के जयकारे गूंजते रहे।
कछला गंगाघाट पर शिवभक्तों के पहुंचने का सिलसिला शनिवार शाम से ही बना हुआ है। गंगा में आस्था की डुबकी लगाने के बाद शिवभक्तों ने पुरोहितों से कांवड़ पूजन कराया। आरती के बाद महादेव के जयकारे लगाते हुए कांवड़ियों के जत्थे शिव मंदिरों की ओर निकल पड़े। रविवार देर शाम तक कांवड़ियों के सर्वाधिक जत्थे जिले के दिखे।
बदायूं, बिल्सी, बिसौली, बिनावर आदि के घाटों के साथ डीजे साउंड सिस्टम पर कलाकार नृत्य करते नजर आए उनके साथ कांवड़िये भी फिर थिरक उठे। इसके अलावा बरेली के कांवड़ियों की टोलियां भी जलाभिषेक के लिए हाईवे के रास्ते निकलीं। गंगाघाट के पुरोहितों ने बताया कि घाट पर देर रात भी कांवड़िये जुटे। सोमवार सुबह से ही शिव मंदिरों में जलाभिषेक किया जाएगा।
पूरे परिवार संग शेखूपुर के मंदिर करेंगे जलाभिषेक
सिविल लाइंस क्षेत्र के शेखूपुर निवासी शिवभक्तों की टोली मनमोहक कांवड़ सजाकर रविवार सुबह गंगाघाट से निकले। टोली में शामिल अमन जोशी, शिवा जोशी, विक्की और रिंकू पाल ने बताया कि जलाभिषेक के दौरान उनके परिवार के सभी सदस्य जुटेंगे। साथ ही मंदिर में विशेष पूजा की जाएगी।
गंगाघाट से मथुरा के श्रद्धालु का बैग चोरी
कछला गंगाघाट पर रविवार दोपहर अपने परिजनों के स्नान करने आए मथुरा जिले में छाता निवासी देवेंद्र सिंह का बैग चोरी हो गया। बैग में मोबाइल फोन और पर्स रखा था। पर्स में करीब नौ हजार रुपये थे। मुजरिया थाना क्षेत्र के गांव सिरकी खेड़ा निवासी रामवीर की साइकिल चोरी हो गई।