Budaun News: कहीं से भी जमा कर सकेंगे बिजली का बिल
बदायूं। अब पावर काॅरपोरेशन का सिस्टम एकीकृत होगा। इसके तहत शहरी और ग्रामीण क्षेत्र के उपभोक्ताओं की बिलिंग संबंधी सभी समस्याओं का निराकरण कहीं पर भी हो सकेगा और वे कहीं पर भी अपना बिल जमा कर सकेंगें। इसके लिए विभाग के शहरी और ग्रामीण क्षेत्र के सॉफ्टवेयर को एक करके सभी डाटा को मर्ज किया जा रहा है।
अभी तक शहर तथा ग्रामीण क्षेत्र के बिजली उपभोक्ता अपने खंड से संबंधित काउंटर पर ही बिल जमा करते हैं। मसलन यदि किसी का क्षेत्र नवादा आता है तो उसको संबंधित काउंटर पर अपना बिल जमा करता होता है। यदि देहात का उपभोक्ता शहर के दफ्तर में आकर अपना बिल जमा करना चाहता है तो देहात का काउंटर न होने के कारण वह अपना बिल यहां जमा नहीं कर सकता। इसके अलावा यदि किसी उपभोक्ता को देहात क्षेत्र का बिल निकलवाना होता है या फिर बिल संबंधी किसी अन्य समस्या होती है तो भी वह उसी खंड के केंद्र पर यह करवा सकता है। लेकिन अब इससे सहूलियत हो जाएगी। अब विभाग का शहर और देहात का साॅफ्टवेयर एक किया जा रहा है। इसके बाद निगम के किसी भी खंड का उपभोक्ता किसी दूसरे खंड के केंद्र पर जाकर भी अपना बिल जमा कर सकेगा। बृहस्पतिवार तक यह काम पूरा हो जाएगा। फिलहाल तब तक उपभोक्ता ऑनलाइन बिल भी नहीं जमा कर पाएंगे
कल तक न करें ऑनलाइन बिल जमा, फंस सकता है पेमेंट
– शहर में तमाम उपभोक्ता ऐसे हैं जो इंटरनेट बैंकिंग या फिर यूपीआई के जरिये अपना बिल जमा करते हैं। इनमें भी यूपीआई के जरिये बिल जमा करना सबसे आसान होता है तथा कई एप कैशबैक का भी ऑफर देते हैं, ऐसे में यूपीआई से बिल जमा करने वाले उपभोक्ताओं की संख्या अपेक्षाकृत ज्यादा है। कुछ उपभोक्ता पावर कॉरपोरेशन निगम की वेबसाइट से भी बिल जमा करते हैं। पर, बृहस्पतिवार तक ऐसा नहीं हो सकेगा। सिस्टम अपग्रेड किए जाने की दशा में किसी भी ऑनलाइन सेवा से बिल जमा नहीं किया जा सकेगा। यदि कोई ऐसा करने की कोशिश करता है तो उसका बिल जमा ही नहीं होगा, लेकिय यह जरूर हो सकता है कि खाते से पैसा कट जाए।
– शहरी क्षेत्र में करीब चार लाख घरेलू उपभोक्ता तथा करीब 40 हजार व्यावसायिक उपभोक्ता हैं। अब तक शहर और देहात के उपभोक्ता अपने खंड से संबंधित काउंटर पर ही बिल संबंधी काम करा सकते थे लेकिन अब वे कहीं पर भी अपना बिल जमा कर सकेंगे या बिल निकलवा सकेंगे। शुक्रवार तक ये लाइव हो जाएगा। फिलहाल बृहस्पतिवार तक ऑनलाइन सेवाएं बाधित रहेंगीं।
– हरीश कुमार, एक्सईएन, खंड प्रथम