Budaun News: आयुर्वेद पर जोर, 20 हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों पर होगा इलाज

जिला अस्पता में राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय। संवाद
बदायूं। आयुर्वेद से बीमारी का इलाज कराने के लिए लोगों को अब इधर-उधर नहीं भटकना होगा। उन्हें अपने घर के आसपास ही इलाज की सुविधा मिल जाएगी। जिले में खोले गए आयुर्वेद के 20 हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरो को अब और संसाधनों से लैस कर दिया गया है। यहां दवाओं से लेकर मरीजों की जांच के लिए लैब भी तैयार की गई हैं। इसके अलावा योग से भी मरीजों को स्वास्थ्य लाभ देने की व्यवस्था है।
अब तक जिले में आयुर्वेद से इलाज की सुविधा केवल जिला मुख्यालय पर ही उपलब्ध, लेकिन अब जिले में 20 हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर खोले गए हैं, ताकि एलोपैथी की ओर से ध्यान हटाकर लोग आयुर्वेद की तरफ आएं और स्वस्थ रहें। इसके लिए एक सेंटर से एक लाख लोगों को जोड़ने की कवायद चल रही है। इसके लिए प्रचार-प्रसार कराया जा रहा है। इन सेंटरों पर एक रुपये का पर्चा बनवाने के बाद हर मर्ज की दवा मिलेगी। योगासन भी कराए जाएंगे। प्रत्येक सेंटर पर एक महिला और एक पुरुष योगाचार्य की तैनाती भी की जा चुकी है।
जिले में इन स्थानों पर खुले हैं सेंटर
शहर के राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय के अलावा सीकरी, सूरजपुर, बोंदरी, असरासी, बरातेगदार, अलापुर, जरीफनगर, मई, गूरा बरेला, मिर्जापुर सोहरा, सतेती, चितरी, दलेलनगर, खेड़ा जलालपुर, कुंवरगांव, सखानू, हजरतपुर, संग्रामपुर और दातागंज में सेंटर खोले गए हैं। यहां 37 योगाचार्यों की तैनाती कर दी गई है। तीन महिला योगाचार्य के पद अभी रिक्त हैं। 19 सेंटरों पर योगासन शुरू करा दिए गएं हैं। तीन सेंटरों पर केवल दवा और जांच की जा रही है।
वर्जन
केंद्र और प्रदेश सरकार आयुर्वेद को जन-जन तक पहुंचाने का काम कर रही है। जिले में अब लोगों को आयुर्वेद से जोड़ने के लिए 20 हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर खोले गए हैं। आयुर्वेद में हर मर्ज का इलाज है। आयुर्वेद से बीमारी जड़ से खत्म होती है। – डॉ. राघवेंद्र मोहन गंगवार, क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी