Budaun News: पुरानी पेंशन बहाली के लिए गरजे कर्मचारी, बोले- अपंग बना रही सरकार
बदायूं। पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा की तरफ से शहर में कर्मचारियों ने पुरानी पेंशन बहाली को लेकर बाइक व पैदल रैली निकाली। इस दौरान लक्ष्मीबाई चौक से ओवरब्रिज होते हुए कर्मचारी हाथ में बैनर, तख्ती लेकर महाराणा प्रताप चौक पहुंचे। वहां पर सिटी मजिस्ट्रेट को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। कर्मचारियों ने कहा, पेंशन बंद कर सरकार कर्मचारियों का बुढ़ापा खराब कर रही है। उन्हें अपंग बना रही है।
पुरानी पेंशन बहाली को लेकर अधिकारियों और कर्मचारी लगातार मांग कर रहे हैं, लेकिन शासन स्तर से पुरानी पेंशन को बहाल नहीं किया जा रहा है। इसको लेकर बुधवार को पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा के बैनर तेल कर्मचारियों ने शहर में पैदल व बाइक रैली निकाली जो लक्ष्मीबाई चौक से शुरू होकर ओवरब्रिज, भामाशाह चौक होते हुए महाराणा चौक पहुंची।
यहां उप्र पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष लाल बहादुर सिंह ने कहा कि जब कर्मचारी काम कर रहा है और कुछ करने लायक स्थिति में है तब उसे वेतन के रूप में पारिश्रमिक मिलता है। जब वह बुढ़ापे की ओर से बढ़ रहा है तब सरकार एनपीएस का धोखा देकर उसे मानसिक एवं आर्थिक तनाव में धकेल रही है और कर्मचारियों को अंपग बनाने का प्रयास कर रही है जो उचित नहीं है।
जिला कोषाध्यक्ष प्रेम सिंह यादव ने कहा कि शासन को चाहिए कि सभी अधिकारियों, कर्मचारियों को पुरानी पेंशन का लाभ दें, क्योंकि यह उनका हक है। इसको लेकर महाराणा प्रताप चौक पर कर्मचारियों ने सिटी मजिस्ट्रेट रामजी लाल को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। इस मौके जिला महामंत्री उमाशंकर, अमरपाल यादव, प्रमोद प्रजापति, लल्लू सिंह प्रजापति, प्रमोद मौर्या, मथुरा प्रसाद आदि मौजूद रहे।



