Budaun News: नकली पनीर और देशी घी बनाने की फैक्टरी पकड़ी

दातागंज के वराही ग्राम में छापा मारती पुलिस के साथ खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम। संवाद
-बराही गांव में पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मारा छापा, फैक्टरी सील, संचालक पर एफआईआर
20 किलो नकली घी और दो क्विंटल पनीर बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
दातागंज (बदायूं)। पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सोमवार रात कोतवाली क्षेत्र के गांव बराही में छापा मारकर नकली पनीर और देशी घी बनाने की फैक्टरी पकड़ी। मौके से करीब 20 किलो नकली घी, दो क्विंटल पनीर, पाम ऑयल और नारियल का तेल बरामद किया गया। पुलिस ने फैक्टरी सील कर उसके संचालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
बराही के रहने वाले इदरीश पुत्र वाले हसन के गोदाम पर सोमवार रात 11 बजे जब पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम पहुंची तो वहां के हालात देख कर हैरान हो गई। वहां रजनी पाम रिफाइंड ऑयल, अल्फा रिफाइंड कोकोनट ऑयल को मिलाकर नकली देशी घी बनाया जा रहा था। उसमें परफ्यूम डाला जा रहा था जिससे देशी घी जैसी सुगंध आती थी। पूछताछ में पता चला कि यह नकली घी जिले के अलग-अलग इलाकों में सप्लाई किया जाता था। मौके पर ही भारी मात्रा में सिंथेटिक पनीर भी बनाया जा रहा था। वहां करीब दो क्विंटल सिंथेटिक पनीर बरामद हुआ है जो बरेली के बहेड़ी और रुद्रपुर क्षेत्र में सप्लाई किया जाना था।
छानबीन के दौरान मौके से कुछ पनीर फ्रीजर में भी रखा मिला। करीब 20 किलो नकली घी मिला है। इसके अलावा दो प्लास्टिक के टबों में करीब 50 किलो क्रीम, पंद्रह लीटर के 16 टिन रजनी पॉम रिफाइंड ऑयल, पंद्रह लीटर का एक टिन अल्फा रिफाइंड कोकोनट ऑयल बरामद हुए हैं। मौके से 12 प्लास्टिक के खाली डिब्बे, एक बड़ा भगौना, एक तोल वाली मशीन, एक क्रीम निकालने की मशीन और गैस सिलिंडर भी मिला है।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सभी का सैंपल ले लिया है। बाद में गोदामनुमा फैक्टरी को सील कर दिया गया। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने रात में ही इसके संचालक इदरीश के खिलाफ एफआईआर दर्ज करा दी। एसडीएम धर्मेंद्र कुमार सिंह के निर्देशन में हुई छापा मारने वाली टीम में कोतवाली इंस्पेक्टर सौरभ सिंह, बराही चौकी इंचार्ज बृज किशोर, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी धनंजय कुमार शुक्ल, खाद्य सुरक्षा अधिकारी भूपेंद्र सिंह, एतीस कुमार और देवकांत शामिल थे।
– हमें सूचना मिली थी कि बराही गांव में बड़े पैमाने पर नकली देशी घी और पनीर बनाया जा रहा है। इस पर सोमवार रात पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम के साथ छापा मारा गया। मौके से नकली घी और पनीर के साथ काफी सामान बरामद हुआ है। इसमें जो फैक्टरी चला रहा था। उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। उसका गोदाम सील करा दिया गया है।- धर्मेंद्र कुमार सिंह, एसडीएम दातागंज

दातागंज के वराही ग्राम में छापा मारती पुलिस के साथ खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम। संवाद