Budaun News: टमाटर की कीमतो में उतार, मसालों पर चढ़ा महंगाई का बुखार

दुकान पर बिकने को रखे मसाले। संवाद
टमाटर के दाम गिरकर 60-80 रुपये प्रति किग्रा पहुंचे, प्याज हुआ महंगा
मसालों में 10 से 40 फीसदी का तड़का, बढ़ा दिया रसोई का खर्च
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। टमाटर के दाम गिरकर जहां गिरकर 60 से 80 रुपये प्रति किग्रा रह गए हैं तो मसालों के दामों में 10 से 40 फीसदी का इजाफा हुआ है।
इस बार बारिश ने टमाटर की फसल बर्बाद कर दी। पहले स्थानीय इलाकों के अलावा संभल से टमाटर की आवक होती थी, जिस कारण इसके दाम कभी नहीं बढ़े। इस बार बारिश ने फसल बर्बाद की तो टमाटर बेंगलुरू से आने लगा। इस कारण इसके दाम फुटकर में सौ रुपये से होते हुए दो सौ रुपये प्रति किग्रा तक पहुंच गए। एक-दो दिन तो टमाटर तीन सौ रुपये प्रति किग्रा तक बिका। लेकिन अब टमाटर के दाम उतार पर हैं।
सब्जी विक्रेता शकील ने बताया कि शनिवार को इसके दाम 60-80 रुपये प्रति किग्रा तक रहे। इधर अब प्याज के दाम बढ़ने लगे हैं। 20 रुपये प्रति किग्रा चल रहा प्याज अब 40 रुपये प्रति किग्रा पहुंच गया है तो मसालों के दाम में भी लगातार बढ़ रहे हैं। थोक दामों पर गौर करें तो करीब चार महीने पहले 560 रुपये प्रति किग्रा बिकने वाला जीरा अब 700 रुपये पहुंच गया है। फुटकर में यह 740-760 रुपये प्रति किग्रा है।
पुराना बाजार में किराना दुकानदार दीपू साहू ने बताया कि चार महीने पहले सौ रुपये प्रति किग्रा मिल रही हल्दी के दाम अब 160 रुपये प्रतिकिग्रा पहुंच गए हैं तो धनिया के दाम 90 से सौ रुपये पर आ गए हैं। इसी प्रकार काली मिर्च उछलकर 600 से 800 रुपये पर आ गई गई है। इसी प्रकार लाल इलायची के दाम 600- 800 रुपये से सीधे 1000-1400 रुपये तक जा पहुंचे गए हैं।
इसी प्रकार लौंग के दाम भी दोगुने हो गए हैं। चार महीने पहले 600 रुपये प्रति किग्रा बिक रही लौंग अब 1100 रुपये मिल रही है तो साबूत मिर्च 200 से बढ़कर 280 रुपये प्रतिकिग्रा बिक रही है।
–
मेथी दाना के दामों में गिरावट
मसालों की कीमतों पर गौर करें तो केवल मेथी दाना ही ऐसा है जिसके दामों में कुछ कमी आई है। जो मेथीदाना करीब चार महीने पहले 110 रुपये प्रति किग्रा बिक रहा था वह अब 90 रुपये प्रतिकिग्रा आ गया है। फुटकर दुकानदार इन सभी मसालों के थोक दामों में अपना मुनाफा जोड़कर ग्राहकों को दे रहे हैं।

दुकान पर बिकने को रखे मसाले। संवाद