Budaun News: जच्चा-बच्चा की मौत पर परिजनों ने किया हंगामा, नर्सिंग होम सील

प्राइवेट नर्सिंग होम में जच्चा बच्चा की मौत के बाद हंगामा, अस्पताल सील
न्यू बदायूं नर्सिंग होम में हालत बिगड़ने पर दोनों को कर दिया था रेफर
संवाद न्यूज़ एजेंसी
बदायूं। जच्चा-बच्चा की मौत के बाद वजीरगंज थाना क्षेत्र के न्यू बदायूं नर्सिंग होम में परिजनों ने हंगामा किया। सूचना पर पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंची। पुलिस ने इस मामले में रिपोर्ट दर्ज की है तो स्वास्थ्य विभाग ने नर्सिंग होम सील कर दिया है।
वजीरगंज थाना क्षेत्र के गांव पुन्नापुर निवासी अजय पाल ने पत्नी नन्ही देवी (23) को प्रसव पीड़ा होने पर वजीरगंज सीएचसी पर भर्ती कराया था। सीएचसी से एक आशा ने उनको निजी नर्सिंग होम में ले जाने की सलाह दी। जिसपर परिजन आशा के कहने पर बिल्सी रोड स्थित न्यू बदायूं नर्सिंग होम ले गए। जहां नन्ही देवी को भर्ती कराया।
परिजनों का कहना है कि यहां संचालक ने बीस हजार रुपया जमा करा लिया और बाद में महिला की हालत बिगड़ने पर उसे बदायूं के शेखूपुर के एक नर्सिंग होम में भेज दिया। यहां भी अजयपाल से 20 हजार जमा कराए गए लेकिन यहां महिला की हालत और बिगड़ गई। बाद में बच्चा होने के बाद नवजात और महिला की मौत हो गई।
परिजन दोनों के शव लेकर वजीरगंज स्थित न्यू बदायूं नर्सिंग होम पर पहुंचे। डाॅक्टर को घेर लिया और हंगामा करने लगे । यह देख डॉक्टर व कर्मचारी पीछे के गेट से भाग गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत किया। पुलिस ने अजयपाल की तहरीर पर अस्पताल संचालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की है।
मामले पर संज्ञान लेते हुए सीएमओ डाॅक्टर प्रदीप वार्ष्णेय ने वजीरगंज चिकित्साधिकारी को मौके पर भेजकर अस्पताल को सील करा दिया है।