Budaun News: ट्रैक्टर-ट्रॉली से गिरकर किसान की मौत

मृतक विशन पाल का फाइल फोटो।(एक्सीडेंट की खबर के साथ)
मुजरिया। थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात कौल्हाई के नजदीक ट्रैक्टर-ट्रॉली से गिरकर 50 वर्षीय किसान विशनपाल की मौत हो गई। वह अपने परिवार के साथ तरैंचा गांव से दावत खाकर लौट रहे थे।
ग्राम बिहारीपुर निवासी विशनपाल खेतीबाड़ी करते थे। शुक्रवार को तरैंचा गांव में उनके रिश्तेदार के यहां दावत थी। विशनपाल अपने ट्रैक्टर-ट्रॉली से परिवार के साथ दावत खाने गए थे। रात करीब नौ बजे दावत खाकर घर लौट रहे थे। वह ट्रैक्टर पर बैठे थे। ट्रैक्टर-ट्रॉली कौल्हाई गांव के नजदीक पहुंची थी, तभी अचानक झटका लगने से विशनपाल ट्रैक्टर से गिर गए और ट्रॉली के पहिए के नीचे आ गए। गंभीर रूप से घायल विशनपाल को पुलिस ने जिला अस्पताल भेजा, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
सड़क हादसे में घायल किशोर ने दम तोड़ा
सैदपुर। मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर शुक्रवार रात नदवारी गांव के नजदीक किसी वाहन की टक्कर से घायल किशोर ने बरेली के एक निजी अस्पताल में दम तोड़ दिया। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई थी। वजीरगंज थाना क्षेत्र के गांव उरैना निवासी रफीउद्दीन, उसका भांजा चंदौसी के गांव राहुली निवासी समीर उर्फ जीशान (15) और सैदपुर निवासी सोहेल वजीरगंज कस्बे में हेयर कटिंग सैलून चलाते थे। शुक्रवार रात दुकान बंद करके घर लौटते वक्त उनकी बाइक नदवारी के पास किसी वाहन से टकरा गई थी। इसमें रफीउद्दीन की मौके पर ही मौत हो गई थी। समीर ने बरेली में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। सोहेल की हालत भी गंभीर बताई जा रही है। संवाद