Budaun News: पिता ने डांटा तो फंदे से लटक गई युवती

09बीडीएन21-पोस्टमार्टम हाउस पर मौजूद मृतका मीना के परिजन। संवाद
– उसावां थाना क्षेत्र के गांव गौतरा में सहेली की शादी में जाने पर पिता ने जताई थी नाराजगी
संवाद न्यूज एजेंसी
उसावां। थाना क्षेत्र के गांव गौतरा में पिता की फटकार से आहत युवती ने फंदे से लटक कर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने शव फंदे से लटका देखा तो उनके होश उड़ गए। मामले की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा है।
गौतरा के मोहल्ला नरपत रमसी निवासी राजेश कश्यप की 19 वर्षीय पुत्री मीना गांव में ही अपनी सहेली के शादी समारोह में शामिल होने गई थी। सोमवार रात करीब 12 बजे वह घर लौटी तो पिता ने उसको डांट दिया। इसके बाद मीना अपने कमरे में सोने चली गई। मंगलवार की सुबह परिजनों ने देखा कि मीना अपने चाचा के घर में फंदे से लटकी हुई है। यह देखते ही उनके होश उड़ गए। आनन-फानन में उसको फंदे से नीचे उतारा गया। तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गई। मामले की सूचना किसी ने पुलिस को दी तो पुलिस भी मौके पर पहुंची। इसके बाद शव पोस्टमार्टम को भेजा गया।
इस संंबंध में एसओ रामेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि आत्महत्या की सूचना पर पुलिस को मौके पर भेजा था। शव पोस्टमार्टम को भेजा गया है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



