Budaun News: डीजे पर डांस को लेकर दूल्हा और दुल्हन पक्ष के लोगों में मारपीट
उघैती। गांव दम्मीनगर में बरात में डीजे पर डांस को लेकर दूल्हा और दुल्हन पक्ष के लोगों में मारपीट हो गई। पिटाई से तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर विवाद को शांत किया। घायलों को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
रविवार की रात इस्लामनगर थाना क्षेत्र के गांव नूरपुर पिनौनी से उघैती क्षेत्र के गांव दम्मीनगर में बरात आई थी। रविवार रात एक बजे दोनों पक्षों के लोग डीजे पर डांस कर रहे थे। इसी दौरान दोनों पक्षों के लोगों में डांस करते समय विवाद हो गया। देखते-देखते दोनों पक्षों में मारपीट होने लगी। दोनों पक्षों में काफी देर तक मारपीट हुई, इससे बरात में अफरातफरी मच गई।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस को देखकर मारपीट करने वाले शांत हो गए। मारपीट में रमेश पुत्र लाखन, कुलदीप पुत्र चंद्रपाल, शिव पुत्र चिरंजीलाल निवासी नूरपुर पिनौनी घायल हो गए। इस संबंध में एसओ सुरेंद्र सिंह का कहना है कि मारपीट की सूचना पर पुलिस को मौके पर भेजा था। दोनों पक्षों से तहरीर मांगी गई है। तहरीर आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। संवाद