Budaun News: झोलाछाप समेत दो के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी, बदायूं
Updated Mon, 17 Jul 2023 01:18 AM IST
बिल्सी। कोतवाली क्षेत्र के गांव सतेती चूरा पट्टी में पिछले साढ़े चार माह पूर्व इलाज के दौरान युवक की मौत के मामले में पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर एक झोलाछाप समेत दो लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
गांव के मुलायम सिंह ने कोर्ट में दिए प्रार्थना पत्र में कहा था कि तीन मार्च की सुबह करीब आठ बजे उसके पुत्र प्रतापभान सिंह के पेट में अचानक दर्द शुरू हुआ। वह और उसका दूसरा पुत्र रंजीत कुमार व परिवार के पुष्कर कुमार उसे इलाज के लिए लेकर जा रहे थे। तभी गांव का ही एक झोलाछाप देवेंद्र पाल गांव के ही एक मेडिकल स्टोर पर मिला। मेडिकल स्टोर संचालक ने उससे देवेंद्र द्वारा दवा देने को कहा। इसी दौरान देवेंद्र ने उसके बेटे प्रतापभान को कुछ दवा खिलाई और एक इंजेक्शन लगाया। इसके बाद बेटा बुरी तरह से तड़पने लगा और उसके मुंह से झाग आने लगे। थोड़ी ही देर में उसकी मृत्यु हो गयी।
मुलायम के अनुसार, पुलिस ने उसके बेटे के शव का पोस्टमार्टम भी कराया, लेकिन शिकायत के बाद भी आरोपी पर कोई कार्रवाई नहीं की। उसने एसएसपी को भी प्रार्थना पत्र दिया, लेकिन फिर भी कुछ नहीं हुआ। इसके बाद उसने कोर्ट की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने मुलायम सिह की ओर से झोलाछाप समेत दो अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। संवाद