Budaun News: आईसीएल कंपनी के मालिक समेत तीन पर एफआईआर
बदायूं। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के रहने वाले युवक ने आईसीएल कंपनी के मालिक, एडमिन डायरेक्टर, ट्रेनिंग डायरेक्टर पर एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
कंपनी के खिलाफ सोमवार को उझानी के लोगों ने पुलिस को तहरीर दी थी। वहीं शहर के सिविल लाइंस थाने में कंपनी के मालिक समेत तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। शहर के मोहल्ला ब्राह्मपुर निवासी प्रेमशंकर गुप्ता आईसीएल कंपनी में एजेंट थे। कंपनी में उन्होंने कई लोगों से निवेश कराया था। कंपनी का इंदिरा चौक से गद्दी चौक जाने वाले रोड पर पेट्रोल पंप के पास ऑफिस है।
मियाद पूरी होने पर एजेंट प्रेम शंकर गुप्ता ने कंपनी के ऑफिस में जाकर निवेशकों का पैसे वापस करने की बात कही तो कंपनी के मालिक आरके गोला, एडमिन डायरेक्टर एके गोला, ट्रेनिंग डायरेक्टर जेके गुप्ता ने कोई जवाब नहीं दिया। वह बरेली स्थित कंपनी के मुख्यालय इज्जतनगर पहुंचे तो वहां से टरका दिया गया।
इसके बाद उनको जान से मारने की धमकी कंपनी के मालिक और अन्य अधिकारियों की ओर से दी जाने लगीं। इसके बाद प्रेम शंकर ने मामले की तहरीर सिविल लाइंस थाने में दी तो पुलिस ने कंपनी के मालिक, एडमिन डायरेक्टर, ट्रेनिंग डायरेक्टर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की। एसएचओ गौरव विश्नोई ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।