Budaun News: इस्लामनगर में पेंट के गोदाम में लगी आग, लाखों का नुकसान

इस्लामनगर में मेन बाजार में एक दुकान की दूसरी मंजिल पर लगी आग। संवाद
इस्लामनगर। कस्बे के मुख्य बाजार में पेंट के गोदाम में आग लग गई। लोगों ने जब दूसरी मंजिल से आग की लपटें उठती देखीं तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने लोगों की मदद से आग बुझाने के लिए मशक्कत शुरू कर दी। देर रात आग पर काबू पाया जा सका। आग से चार लाख से ज्यादा के नुकसान का अनुमान है।
कस्बे के मोहल्ला साहूकारा निवासी सुरेंद्र गोयल की मुख्य बाजार में पेंट की दुकान है। दूसरी मंजिल पर उन्होंने गोदाम बना रखा है। मंगलवार शाम करीब सात बजे वह दुकान बंद करके घर चले गए। रात करीब पौने नौ बजे दूसरी मंजिल पर बने गोदाम से लोगों ने पहले धुंआ और फिर आग की लपटें निकलती देखीं तो उन्हें सूचना दी। दमकल को भी सूचना दी गई, लेकिन बिसौली और सहसवान से दमकल आने में वक्त लगने के कारण इंस्पेक्टर हरेंद्र सिंह पुलिस फोर्स के साथ पहुंच गए और कई सबमर्सिबल पंप खुलवाकर आग बुझाने में जुट गए।
लोगों का कहना था कि कहीं से किसी पटाखे की चिंगारी गोदाम के गेट पर गिरी थी। दुकान के गेट लकड़ी के हैं, इसलिए उन्होंने आग पकड़ ली। रात पौने दस बजे बहजोई से दमकल भी पहुंच गई, लेकिन तक आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया था। हादसे में कारोबारी का करीब चार लाख रुपये का नुकसान होना बताया जा रहा है।