शाहजहाँपुर

Shahjahanpur News: रेहरिया गांव किनारे दिखे बाघ का वीडियो वायरल

Connect News 24

पुवायां। पुवायां के गांव रेहरिया में पानी की टंकी जाने वाले रास्ते पर मंगलवार सुबह बाघ देखे जाने से लोगों में दहशत है। वहीं वन विभाग का दावा है कि मौका मुआयना करने पर पगमार्क नहीं मिले हैं।

रेहरिया के पास मंगलवार सुबह कुछ लोगों ने बाघ देखकर शोर मचाया तो बाघ गन्ने के खेत में चला गया। इस दौरान कुछ लोगों ने बाघ का वीडियो भी बना लिया। इसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। बाघ होने की जानकारी गांव पहुंची तो गांव से तमाम लोग लाठी, डंडे लेकर मौके पर आ गए। उधर खेतों की रखवाली करने वाले किसान भी शोरशराबा करने लगे, लेकिन बाघ बाद में नहीं दिखा।

गांव के विजय पांडेय ने बताया कि पानी की टंकी के पास कई माह से बाघ का ठिकाना हैं। इससे गांव के लोगों में दहशत का माहौल है। कई बार सूचना भी दी गई, लेकिन वन विभाग की टीम ने कार्रवाई की जरूरत नहीं समझी है। उधर बाघ देखे जाने की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची, लेकिन टीम ने कोई भी पगमार्क देखे जाने और वीडियो में दिखने वाले कच्चे रास्ते की लोकेशन मिलने से इन्कार किया है।

रेंजर सिंधौली रेंज वीरेश राव ने बताया कि मंगलवार को रेहरिया के पास बाघ देखे जाने की जानकारी मिली थी। टीम को मौके पर भेजा गया था। वीडियो का अवलोकन करके मौका मुआयना किया गया लेकिन टीम को वह स्थान नहीं मिल सका है। कहीं भी पगमार्क भी नहीं मिल सके हैं। जरूरत पड़ी तो फिर से टीम भेजी जाएगी।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button