Budaun News: रेलवे पुल के पास हरदोई के पांच बदमाश गिरफ्तार
– कछला के महात्माओं के आश्रमों में डकैती डालने की थी योजना
संवाद न्यूज एजेंसी
उझानी। कछला के महात्माओं के आश्रमों में डकैती डालने की योजना बनाते पांच बदमाशों को पुलिस ने दबोच लिया। पांचों बदमाश हरदोई जिले के निवासी हैं। बदमाशों में से एक के पास तमंचा भी मिला।
प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह के मुताबिक, गंगा दशहरा पर कछला के आश्रमों में श्रद्धालुओं की खासी भीड़ थी। इसका फायदा उठाने की नीयत से हरदोई जिले के सांडी थाना क्षेत्र के गांव ककेड़ी निवासी प्रमोद कुमार पुत्र रामबिलास, राजीव पुत्र परशुराम, उसका भाई विजय कुमार, शिवकांत पुत्र अमरनाथ और सर्वानंद पुत्र जितेंद्र रेलवे पुल के पास खंडहरनुमा कोठरी में रुके हुए थे।
पुलिस कर्मियों की नजर पड़ने पर पांचों बदमाश सकपका गए। तलाशी के दौरान एक बदमाश के पास तमंचा भी निकला। पूछताछ के दौरान बदमाशों ने बताया कि वह रात में आश्रमों में डकैती डालने आए थे। कोतवाली पुलिस ने हरदोई पुलिस से भी बदमाशों के बारे में जानकारी की है। गिरफ्तारी के बाद पांचों बदमाशों को कोर्ट में पेश किया गया।