Budaun News: फुटओवर ब्रिज नहीं बनेगा.. उझानी में प्लेटफार्म की चौड़ाई है कम
अधिवक्ता नवीन कुमार के पत्र पर मंडल रेल प्रबंधक का जवाब
संवाद न्यूज एजेंसी
उझानी (बदायूं)। रेलवे स्टेशन पर फुट ओवरब्रिज नहीं बनेगा। इस संबंध में मंडल रेल प्रबंधक (इंजीनियर) का कहना है कि प्लेटफार्म नंबर दो की चौड़ाई तीन मीटर है जो फुट ओवरब्रिज के मानक के अनुरूप नहीं है।
प्लेटफार्म नंबर-दो पर फुट ओवरब्रिज की मांग करते हुए नगर निवासी अधिवक्ता नवीन कुमार श्रीमाली ने रेल मंत्री समेत रेलवे के उच्चाधिकारियों को पत्र भेजा था। करीब तीन महीना पहले अधिवक्ता अपने बच्चों और बुजुर्ग मां के साथ ट्रेन में सफर कर यहां स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो पर उतरे तो पत्थरों और नाली के बीच फंस जाने से ट्रेन के चपेट में आने से बच गए थे। इसकी शिकायत उन्होंने स्टेशन पर रेलवे की परिवाद पुस्तिका में भी दर्ज की थी। इस पर जांच भी हुई थी।
अधिवक्ता श्रीमाली के पत्र के जवाब में मंडल रेल प्रबंधक (इंजीनियर) ने तीनों प्लेटफार्म की स्थिति स्पष्ट की है। उनकी और से कहा गया है कि प्लेटफार्म नंबर दो की चौड़ाई तीन मीटर है। तीन मीटर चौड़ाई के प्लेटफार्म तक फुट ओवरब्रिज नहीं बन सकता। प्लेटफार्म नंबर तीन गुड्स से जुड़ा है, सो उस पर यात्रियों की आवाजाही नहीं रहती।
फुट ओवरब्रिज को लेकर मंडल रेल प्रबंधक (इंजीनियर) के जवाब से अधिवक्ता नवीन कुमार श्रीमाली सहमत नहीं है। उन्होंने कहा कि रेलवे चाहे तो खाली पड़ी अपनी भूमि पर गुड्स लाइन को शिफ्ट कर सकता है। इसके बाद प्लेटफार्म नंबर- दो की चौड़ाई अधिक हो जाएगी। फुट ओवरब्रिज बनने के बाद यात्रियों को चढ़ने-उतरने में दिक्कत नहीं होगी। फिलहाल तो स्टेशन के कायाकल्प का काम भी चल रहा है, साथ में अगर फुट ओवरब्रिज बन जाए तो अच्छा रहेगा।