Budaun News: ट्रैक्टर के रुपये न देने पर अपहरण करके खेत में बांधकर डाला
बदायूं। ट्रैक्टर के रुपये न देने पर युवक का बहाने से दहगवां बुलाकर अपहरण कर लिया गया। बाद में इस्लामनगर के गांव सकतपुर के एक खेत में बांधकर डाल दिया गया। इसके बाद परिजनों को सूचना दी गई कि ट्रैक्टर के रुपये ले आओ नहीं तो युवक को जान से मार देंगे। पुलिस ने अपहृत को बरामद कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
गांव सकतपुर निवासी सुगरपाल ने दहगवां ट्रैक्टर एजेंसी से करीब डेढ़ वर्ष पहले एक ट्रैक्टर फाइनेंस पर खरीदा था। बाद में ट्रैक्टर को श्योराज उर्फ शिवराज निवासी ग्राम नंदपुर थाना जुनावई, जनपद संभल को बेच दिया। श्योराज ने साठ हजार रुपये नकद सुगरपाल को दिए और 36 हजार की किस्त जमा कर दी। बाकी किस्त के रुपये जमा नही किए।
बकाया होने पर सुगरपाल बार-बार उससे ट्रैक्टर या पैसे मांग रहा था लेकिन श्योराज ने न तो ट्रैक्टर वापस किया और न ही रुपये दिए। आरोप है कि मंगलवार को सुगरपाल ने श्योराज को दहगवां बुलाया और फिर दो लोगों के साथ उसका अपहरण कर लिया। बाइक से सकतपुर ले जाकर खेत में बांधकर डाल दिया। बृहस्पतिवार शाम पुलिस ने सुगरपाल, ओमपाल और सुंदर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।