Budaun News: शादी टूटने के चार महीने बाद पांच वीडियो वायरल कर फंदे पर झूली युवती
उघैती (बदायूं)। ‘ऐसा कौन करता है, कार्ड बंटने के बाद रिश्ता कौन तोड़ता है। उसे नहीं पता था कि ससुराल वाले इतने लालची हैं। अगर उसे शादी नहीं करनी थी तो वह पहले बता देता। उसने उसे ही नहीं पूरे परिवार को धोखा दिया है। अब वह बदनामी के साथ नहीं जी सकती।’ शादी टूटने के चार महीने बाद वायरल किए पांच वीडियो में अपना दुख बयां करने के बाद युवती ने फंदे पर लटककर जान दे दी।
ग्राम रियोनाई निवासी सपना (24) पुत्री जगवीर सिंह की शादी एक साल पहले वजीरगंज थाना क्षेत्र के गांव बघौल निवासी विकास पुत्र प्रेमपाल मीना के साथ तय हुई थी। शादी में 21 लाख रुपये देने पर सहमति बनी। आठ जुलाई 2022 को सगाई हुई। 22 अप्रैल 2023 को शादी का दिन तय हुआ। लेकिन, उससे सात दिन पहले केरल में आयकर विभाग में स्टेनो विकास ने शादी से इनकार कर दिया। पूछने पर उसने 30 लाख रुपये और कार की डिमांड की। सपना के परिजनों ने उन्हें मनाने की कोशिश की लेकिन विकास नहीं माना।
शादी टूटने का सबसे अधिक असर सपना पर पड़ा। वह अंदर ही अंदर टूट गई। वह घुट-घुटकर जी रही थी। रविवार रात करीब नौ बजे उसने कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करते हुए अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह ने बताया कि अभी परिवार वालों की ओर से तहरीर नहीं आई है। तहरीर के अनुसार एफआईआर होगी और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई होगी।
विकास कहता है, भूल जाओ
मैं विकास के सामने गिड़गिड़ाई कि वह शादी न तोड़े। वह बोला कि यह सब भूल जाओ। यह बात सपना ने वायरल किए वीडियो में कही। उसने कहा, शादी तय हो गई, इंगेजमेंट हो गई, कार्ड बंट गए। इतना सब होने के बाद वह कैसे भूल जाए। कोई ऐसे कैसे धोखा दे सकता है। तीन माह से न ठीक से खा पा रही हूं और न सो पा रही हूं। उसकी गलती की सजा मैं और मेरा परिवार भुगत रहा है। मुझे नहीं पता था कि वह लालची निकलेगा। यह सब पूरे परिवार की मिलीभगत है। वह अपने परिवार को टेंशन देना नहीं चाहती। सॉरी, मुझे माफ करना। वीडियो खत्म होने के बाद मैं कहां होऊंगी, उसे नहीं पता।