बदायूं

Budaun News: कार में लिफ्ट देकर सवारियों को लूटने वाला गिरोह पकड़ा

Connect News 24

– पकड़े गए बदमाशों में अलीगढ़ का मोनू और बहजोई की दो महिलाएं

– कासगंज जिले के परिवार से हुई घटना में शामिल कार भी हुई बरामद

संवाद न्यूज एजेंसी

उझानी (बदायूं)। दस दिन पहले कछला में महिला और उसके परिवार को कार में लिफ्ट देकर जेवरात-नकदी चोरी के मामले में पुलिस ने शनिवार सुबह कार सवार दो महिलाओं और उसके चालक को दबोच लिया। महिलाएं संभल जिले में बहजोई की तो चालक अलीगढ़ जिले का रहने वाला है। पूछताछ के दौरान तीनों ने कई घटनाएं स्वीकार ली हैं, लेकिन माल साथियों के पास है, ऐसा बताया है।

कोतवाली पुलिस के मुताबिक, पकड़ा गया इको कार चालक मोनू कुमार पुत्र कृपाल अलीगढ़ जिले के नगला सासनी रोड का रहने वाला है। कार में संभल जिले के बहजोई निवासी गुड़िया पत्नी मोहित और सुंदरी पत्नी राजकुमार थीं। मोनू ने पुलिस को बताया कि 17 मई की दोपहर कछला पुल के पास उसने एक महिला समेत उसके परिजनों को कार में लिफ्ट देकर उसके हैंड बैग से सोने-चांदी के जेवरात और नकदी निकाल ली थी। घटना के बाद वे महिला और परिजनों को रास्ते में ही उतारकर भाग गए थे।

इस मामले में महिला के परिजन कासगंज जिले के ढोलना थाना क्षेत्र के गांव सिसौली निवासी धर्मेंद्र ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। महिला ने तीनों की पहचान कर ली है। महिलाओं समेत कार चालक ने अपने तीन अन्य साथियों के नाम भी पुलिस को बताए हैं। कछला चौकी इंचार्ज प्रमोद कुमार ने बताया कि जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर माल बरामद कर लिया जाएगा।

दहेज हत्या में पति समेत दो लोग गिरफ्तार

बदायूं। गौतमपुरी निवासी विवाहिता रेनू श्रीवास्तव की दहेज के लिए की गई हत्या के मामले में पुलिस ने शनिवार की सुबह मृतका के पति अजय और सास पप्पी को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों से घटना के बारे में जानकारी की गई है। दोनों ने हालांकि मामला आत्महत्या का बताया है। उधर, पुलिस ने पप्पी और अजय का मेडिकल भी कराया। बाद में दोनों को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया। यहां बता दें कि विवाहिता रेनू का शव शुक्रवार की सुबह उसी के कमरे में मिला था। संवाद


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button