Budaun News: चार माह से बंद पड़ा गैस पाइपलाइन का काम, गड्ढों से लोग परेशान

मधुवन कालौनी में डाली जा रही गैस पाइप लाइन। संवाद
बदायूं। घर-घर पीएनजी की आपूर्ति के लिए शहर में पाइपलाइन डाली गई थी, उम्मीद जताई जा रही थी कि मई तक गैस की सप्लाई शुरू हो जाएगी, लेकिन ऐसा नहीं हो पा रहा है। अब कंपनी के कर्मचारी काम बंद करके बैठ गए हैं। इसकी वजह से योजना आगे नहीं बढ़ पा रही है।
रसोई गैस अब आम आदमी की जरूरत बन गई है। मौजूदा वक्त में बुकिंग कराकर गैस सिलिंडर मंगाते हैं। ऐसे में कई बार सिलिंडर गैस खत्म होने के बाद पहुंचता है। इस झंझट से मुक्ति दिलाने को सरकार ने पाइपलाइन से रसोई गैस की आपूर्ति कराने के लिए शहर का चयन किया गया था। इसके बाद में 2021 के अंत में काम शुरू हो सका था, वहीं उम्मीद जताई जा रही थी।
ऐसे में लोगाें के घरोें के आसपास पाइप लाइन बिछाई जाने लगी। कंपनी की ओर से शहर में 40 किलो मीटर पाइपलाइन बिछाई जा चुकी है। वहीं अब तक पांच हजार से ज्यादा घरों के द्वारा रजिस्ट्रेशन कराया जा चुका है। एचपीसीएल के इंजीनियरों द्वारा उम्मीद थी कि अप्रैल-मई तक लोगों को गैस की सप्लाई मिलने लगेगी, हालात यह है कि चार माह से कम बंद चल रहा है। ऐसे में लोगों को सुविधा की जगह परेशानी होने लगी है।
फैक्ट फाइल
-प्रथम चरण-5000 रजिस्ट्रेशन
-शहर में बिछाई जा चुकी है 40 किलोमीटर पाइप लाइन
-करीब साढ़े चार हजार घरों में पाइप लाइन की हो चुकी है फिटिंग
अब गड्ढे कर रहे परेशान
-पाइप लाइन बिछाने के नाम पर शहर में तमाम जगहों पर गड्ढे खोद दिए गए थे। जिससे अस्थायी तौर पर बंद तो किया, लेकिन उसके बाद में हुई बारिश की वजह से उन गड्ढों में पानी भर गया था। आसपास रहने वालों लोगों ने उनको जैसे-तैसे बंद कराया, लेकिन आज भी कुछ जगहों पर गड्ढे साफ तौर पर दिख रहे हैं। जो आने जाने वालों के लिए परेशानी का सबब बन रहे हैं।
इस संबंध में संबंधित कंपनी से बात की जाएगी, पत्राचार करेंगे। इतना समय हो गया है। अस्थायी तौर पर जो गड्ढे खोद गए हैं। आखिर कब तक वह ऐसे ही रहेंगे। – रामजी लाल, सिटी मजिस्ट्रेट