Pilibhit News: अस्पताल प्रशासन ने जो दिखाया वही देखकर लौट गईं एडी हेल्थ

मेडिकल कॉलेज में निरीक्षण करती एडी हेल्थ पुष्पा पंत । संवाद
पीलीभीत। एडी हेल्थ पुष्पा पंत ने मंगलवार को मेडिकल कॉलेज से संबद्ध अस्पताल का निरीक्षण किया। अस्पताल प्रशासन ने उनको जो दिखाया वही उन्होंने देखा। निरीक्षण में कई खामियां मिलीं लेकिन उन्होंने किसी भी मामले में कोई कार्रवाई नहीं की।
एडी हेल्थ सबसे पहले औषधि भंडार कक्ष पहुंचीं और दवाइयों के बारे में जानकारी ली। इसके बाद नेत्र विभाग में गईं। यहां पर डॉ. विकास द्वारा 10 अक्तूबर के बाद से कोई भी ओपीडी करना नहीं पाया गया।
इसी तरह उन्होंने एक्सरे, अल्ट्रासाउंड, सिटी स्कैन व पैथोलॉजी का निरीक्षण किया। पैथोलॉजी लैब में बायोवेस्ट इधर-उधर फैला मिला। ऑपरेशन थियेटर में डॉक्टरों से ऑपरेशन से संबंधित जानकारी ली। डेंगू वार्ड में मच्छरदानी नहीं लगी मिलीं। उन्होंने सामान्य, बर्न वार्ड के अलावा पोषण पुनर्वास केंद्र का भी निरीक्षण किया।
मरीजों को दिए जाने वाले भोजन का कोई भी मेन्यू नहीं मिला। निरीक्षण के दौरान उनको कई खामियां मिलीं लेकिन उन्होंने कोई भी सख्ती नहीं दिखाई। निरीक्षण के दौरान प्रभारी प्राचार्य डॉ. संजीव सक्सेना, डॉ. अश्वनि आदि मौजूद रहे।
एडी हेल्थ पुष्पा पंत ने बताया कि दिवाली पर स्वास्थ्य व्यवस्था से संबंधित तैयारियों का जायजा लिया है, सब ठीक मिला है। दिवाली पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
–
अस्पताल में बाहरी लोगों का कब्जा
मेडिकल कॉलेज में कई बाहरी लोगों द्वारा काम किए जाने के सवाल पर एडी हेल्थ ने संबंधित अफसरों को निर्देश दिए कि किसी भी दशा में बाहरी लोग काम न करें। यह गंभीर विषय है। अगर ऐसा हो रहा है तो ऐसे लोगों को तत्काल हटाएं। दोबारा इस तरह की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए।

मेडिकल कॉलेज में निरीक्षण करती एडी हेल्थ पुष्पा पंत । संवाद