Bareilly News: सील तोड़कर लैब खोलने वालों पर तभी होगी रिपोर्ट, जब मिलेगा लिखित आदेश
बहेड़ी। सील तोड़कर खोली गईं दो पैथोलॉजी लैब के संचालकों के खिलाफ सीएचसी प्रभारी ने सीएमओ के आदेश के बावजूद रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई है। उनका तर्क है कि वह बिना लिखित आदेश के रिपोर्ट नहीं कराएंगे। स्थानीय लोगों ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स (ट्विटर) पर मुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री और डीएम से मामले की शिकायत की थी।
सीएचसी प्रभारी डाॅ. रोहम ने शनिवार को नैनीताल रोड स्थित नेशनल पैथोलाजी लैब और सिद्धी विनायक पैथोलाजी लैब और नरायन नगला स्थित हेल्थ सेंटर नामक लैब को सील किया था। तीनों के संचालकों ने सील तोड़कर लैब खोल दीं। लैब संचालकों का आरोप था कि सीएचसी प्रभारी ने ही उनसे सील तोड़कर लैब खोलने के लिए कहा था।
डाॅ. रोहम का कहना है कि सरकारी सील को तोड़कर तीनों लैब संचालकों ने जबरन लैब खोल दी है। उन्होंने इसकी जानकारी सीएमओ को दी थी। सोमवार को सीएमओ ने सीएचसी प्रभारी को तीनों लैब संचालकों रिपोर्ट दर्ज करने का आदेश दिया था, लेकिन मंगलवार देर शाम तक सीएचसी प्रभारी ने रिपोर्ट दर्ज कराना जरूरी नहीं समझा। वहीं, सीएमओ का कहना है कि जब सीएचसी प्रभारी ने लैब सील कीं और उन्होंने पाया कि सरकारी सील तोड़कर लैब खोल दी हैं, तो यह अपराध है। लिहाजा उन्हें उसी दिन रिपोर्ट दर्ज करा देना चाहिए था।
सील तोड़कर लैब संचालन करने वालों पर रिपोर्ट दर्ज कराने का कोई लिखित आदेश सीएमओ ने उन्हें अभी तक नहीं दिया है। आदेश मिलने के बाद ही वह थाने में रिपोर्ट कराएंगे। -डाॅ. रोहम, सीएचसी प्रभारी



