Bareilly News: झूले को लेकर मारपीट, मेला कमेटी और गो रक्षक के बीच चले लाठी-डंडे
फरीदपुर। श्री आदर्श रामलीला मेले में झूले को लेकर गोरक्षक एवं मेला कमेटी के बीच हुए झगड़े के बाद जमकर लाठी-डंडे चले। कमेटी के लोगों ने गोरक्षक को जमकर पीटा। इसका वीडियो भी वायरल हो रहा है। वीडियो में एक व्यक्ति गोली चलाने के लिए अपना लाइसेंसी रिवाल्वर निकालते दिख रहा है। हालांकि, कमेटी के कुछ लोगों ने उसे रोक लिया।
गोली चलने की अफवाह से मेले में भगदड़ मच गई। इसमें कई लोग गिरकर जख्मी हो गए। अनहोनी की आशंका से दुकानें बंद होने लगीं। वहीं, मेला चौकी पर बैठे पुलिसकर्मी तमाशबीन बने रहे। मेला कमेटी के लोगों ने गोरक्षक को पड़कर पुलिस को सौंप दिया। तब भी पुलिस की मौजूदगी में लोगों ने गो रक्षक को पीटा।
गो रक्षक सत्यम गौड़ की तहरीर पर पुलिस ने मेला कमेटी के तीन लोगों के खिलाफ एनसीआर दर्ज की है। बाद में पुलिस ने मेला कमेटी के अध्यक्ष अतीश अग्रवाल की तहरीर पर गो रक्षक सत्यम गौड़, सौरभ यादव, शाहनवाज व अन्य के खिलाफ गाली-गलौज, मारपीट, छेड़खानी व एससीएसटी एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। झगड़े में मेला कमेटी के अध्यक्ष अतीश अग्रवाल, दिनेश सिंह व अजय भी जख्मी हुए हैं।
मेला कमेटी के अध्यक्ष अतीश अग्रवाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि सोमवार रात रामलीला मंचन के दौरान रात 11:30 बजे शराब के नशे में धुत सत्यम गौड़, सौरव यादव, शाहनवाज एवं अन्य लोगों के साथ आया और महिलाओं से छेड़खानी करने लगा। मोहल्ला फर्रखपुर निवासी अजय ने समझने का प्रयास किया तो सत्यम व उसके साथियों ने उनसे गाली-गलौज की। जातिसूचक भी शब्द कहे। मेला कमेटी के अन्य पदाधिकारी पहुंचे तो आरोपियों ने मारपीट की। इससे तीन लोग चोटिल हो गए।
पुलिस होती सतर्क तो नहीं होता बवाल
पुलिस सतर्क होती तो मेले में बवाल नहीं होता। मेले में जिस झूले के पास वारदात हुई, वहां से सिर्फ 20 मीटर दूर मेला चौकी पर बैठे पुलिसकर्मी खामोश रहे। हंगामे के बाद भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। मेला कमेटी के लोग उनको बुलाकर घटनास्थल पर ले गए। पुलिसकर्मियों के सामने भी लोग मारपीट करते रहे।
मेला कमेटी ने पुलिस बल उपलब्ध न होने पर मेला करने से किया इन्कार
झगड़े के बाद मंगलवार को मेला कमेटी के पदाधिकारियों ने एसडीएम फरीदपुर निधि डोंडवाल को ज्ञापन देकर बताया कि जब तक मेले में पुलिस बल, पीएसी व महिला कांस्टेबलों की तैनाती नहीं की जाएगी, तब तक लीला का मंचन नहीं कराएंगे। एसडीएम ने मेला कमेटी के पदाधिकारियों को पुलिस बल मुहैया कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद मंगलवार को मंचन शुरू हुआ।



