Bareilly News: विधायकों को भेंट की जाएंगी गाय के गोबर से बनीं लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां
बिशारतगंज (बरेली)। दीपावली के मौके पर प्रदेश के पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह की ओर से सूबे के सभी विधायकों को गाय के गोबर से बने दीपक, गणेश-लक्ष्मी की मूर्तियां और स्वास्तिक चिह्न आदि लखनऊ में भेंट किए जाएंगे। ये सामान मझगवां ब्लाॅक की ग्राम पंचायत खनगवां श्याम स्थित सृष्टि मंगलम वृहद गोशाला में मुरादाबाद के एनजीओ दविज्ञा केयर वेलनेस फाउंडेशन की ओर से तैयार किए गए हैं।
मझगवां ब्लॉक मुख्यालय पर अधिकारियों के साथ हुई बैठक में मंत्री ने कहा कि गोवर्धन पूजा वाले दिन प्रहलादपुर गांव में गोशाला स्थल पर बड़ा कार्यक्रम होगा। आंवला विधानसभा क्षेत्र के 70 लोगों ने गोपालन का संकल्प लिया है। इसके लिए प्रति व्यक्ति ने 12,000 रुपये की सहयोग राशि दी है। संकल्प लेने वालों से गो पूजन कराया जाएगा। उन्होंने लोगों से बरेली में खुलने वाली दुकान से गोबर से बने उत्पाद दीपावली पर खरीदने की अपील की। कहा कि अयोध्या में होने वाले दीपोत्सव के लिए एक लाख, 51 हजार दीपक भेंट किए हैं। उन्होंने खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) आनंद विजय यादव को गोशाला में टूट चुके पिलर ठीक कराने, मिट्टी डलवाने, चारे-पानी की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि छुट्टा गोवंश को आश्रय देने के लिए एक नवंबर से 31 दिसंबर तक अभियान चलाया जा रहा है। सर्वे कराकर प्रत्येक गाय के गले में टैक लगाया जाएगा। छुट्टा छोड़ी गई गायें काजी हाउस भिजवाई जाएंगी। गाय किसकी है, यह पता करके फसलों को होने वाले नुकसान की भरपाई उस व्यक्ति से की जाएगी, जिसने गाय छोड़ी है। उसके विरुद्ध पशु क्रूरता अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। इससे पूर्व मंत्री ने मझगवां ब्लॉक के प्रहलादपुर गांव में कामधेनु आत्मनिर्भर गोशाला बनाने के लिए भूमि देखी।
इस दौरान ब्लाॅक प्रमुख यशवंत लोधी, आंवला के पूर्व चेयरमैन संजीव सक्सेना, राकेश मोहन त्यागी, भाजपा मंडल अध्यक्ष विपिन कुमार सिंह, सर्वेश लोधी, संतोष लोधी, धर्मेंद्र गुप्ता, ग्राम प्रधान नीरज लोधी, अशोक लोधी आदि मौजूद थे।



