Budaun News: बालिकाओं ने कबड्डी में दिखाया दम
संवाद न्यूज एजेंसी, बदायूं
Updated Tue, 31 Oct 2023 12:47 AM IST

जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में कबड्डी का ट्रायल/चयन प्रक्रिया के दौरान खेलती खिलाड़ी।
बदायूं। जिला स्तरीय जूनियर बालिका वर्ग कबड्डी के ट्रायल/चयन में खिलाड़ियों ने सोमवार को दमखम दिखाया। बेहतर प्रदर्शन के बल पर सात का चयन जिला स्तरीय टीम के लिए हुआ है। अब ये मंडल स्तरीय टीम में जगह बनाने के लिए जोर-आजमाइश करेंगी। क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी बरेली के निर्देश पर स्पोर्ट्स स्टेडियम में जिला स्तरीय जूनियर बालिका वर्ग के कबड्डी मैच आयोजित किए गए थे। इस दौरान स्टेडियम कोच राजीव कुमार, सैयद आबिद अली, शैवर अली, आशु भारती चयनकर्ता के रूप में मौजूद रहे। बालिका वर्ग में सुनीता, पायल, विमेलश, पायल, नीलम, शीतल और मीनाक्षी ने काफी अच्छा प्रदर्शन किया। जिला क्रीड़ा अधिकारी अमित रिछारिया ने बताया कि ये खिलाड़ी 31 अक्तूबर को मंडल स्तर पर कबड्डी ट्रायल/चयन में भाग लेंगीं। वहां भी बेहतर प्रदर्शन करने पर उनका चयन मंडल स्तरीय टीम में होगा। मंडल स्तरीय टीम तीन से पांच नवंबर के बीच आगरा में आयोजित राज्य स्ततीय कबड्डी प्रतियोगिता में दमखम दिखाएगी।