बदायूं

Budaun News: बरात निकासी के दौरान दूल्हे के घर हमला

Connect News 24

बदायूं। बिसौली कोतवाली क्षेत्र के गांव हर्रायपुर में बरात निकासी के दौरान गांव के ही छह लोग दूल्हे के घर में घुस गए। उन्होंने दूल्हा के रिश्तेदार और उसकी बहन को पीटकर घायल कर दिया। हमलावर काफी देर तक हंगामा करते रहे। पुलिस मौके पर पहुंची तो हमलावर भाग गए। पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ मारपीट, बलवा और दलित उत्पीड़न की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।

गांव हर्रायपुर के महावीर के बेटे अजय की 29 अप्रैल की शाम सात बजे बरात निकासी हो रही थी। घर में सभी रिश्तेदार मौजूद थे। बरात में शामिल होने के लिए घर के सभी सदस्य और रिश्तेदार तैयार हो रहे थे। तभी रंजिश के चलते गांव के ही बलवीर, रवि, रोहित, धुनी, विकास और पुष्पेंद्र लाठी-डंडे और धारदार हथियार लेकर महावीर के घर में घुस गए। उन्होंने सभी को पीटना शुरू कर दिया। इससे वहां भगदड़ मच गई।

हमलावरों ने महावीर के रिश्तेदार वीरेंद्र और बेटी विमला को धारदार हथियार मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद ग्रामीणों की भीड़ लग गई और सूचना पुलिस को दी। पुलिस वहां पहुंची तो हमलावर भाग गए। घायल वीरेंद्र और विमला को लेकर परिजन अस्पताल पहुंचे। इधर, पुलिस ने तहरीर मिलने के बाद शुक्रवार को सभी हमलावरों पर एफआईआर दर्ज की है। इस संबंध में कोतवाल संजीव कुमार शुक्ला का कहना है कि तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button