Budaun News: तेज बारिश से संपर्क मार्ग कटा, कई गांवों का आवागमन ठप

सहसवान के कौल्हाई में टूटा अमृत सरोवर का बांध।
कादरचौक-सिवाया गांव के बीच में बारिश से सड़क ढही, ग्रामीणों को आने-जाने में दिक्कत
संवाद न्यूज एजेंसी
कादरचौक (बदायूं)। जिले में बृहस्पतिवार को हुई तेज बारिश से कादरचौक-सिवाया गांव के बीच संपर्क मार्ग ढह गया, जिससे कई गांवों का आवागमन ठप हो गया। ऐसे में ग्रामीण जैसे-तैसे कस्बा आ-जा रहे हैं। संपर्क मार्ग कटने से ग्रामीणों को दिक्कत बढ़ गईं हैं। ग्रामीणों ने सड़क को ठीक कराने की मांग की है।
कादरचौक कस्बे से सिवाया हामिदपुर जाने वाले मार्ग पर जलालपुर, ललुआ नगला और मोहन नगला समेत कई गांव हैं। इन सभी गांवों को कादरचौक से जोड़ने वाला एक ही संपर्क मार्ग है। बृहस्पतिवार को जिले में करीब दो-तीन घंटे तक जमकर बारिश हुई थी। इससे सबसे ज्यादा नुकसान सिवाया-हामिदपुर जाने वाले संपर्क मार्ग हुआ।
कादरचौक और सिवाया गांव के बीच पूरा संपर्क मार्ग ही ढह गया। तेज बारिश से बीच सड़क में एक गहरा गड्ढा हो गया। पानी के बहाव से सड़क ढह कर खेतों में पहुंच गई, जिससे सिवाया हामिदपुर, जलालपुर, ललुआ नगला और मोहन नगला समेत कई गांवों का आवागमन ठप हो गया। बृहस्पतिवार को बारिश के चलते ग्रामीण बाहर नहीं निकले थे लेकिन उन्हें शुक्रवार को कस्बा आने-जाने में ज्यादा दिक्कत हुई।
ग्रामीणों का कहना है कि संपर्क मार्ग कटने से कोई वाहन नहीं निकाल सकते। लोग पैदल ही कस्बा आ-जा रहे हैं। फिलहाल इसको ठीक कराने की कोई व्यवस्था नहीं की गई है।
–
अमृत सरोवर का बंध टूटा, सड़क ढही
सहसवान। तहसील क्षेत्र के गांव कौल्हाई में पिछले दिनों एक अमृत सरोवर का निर्माण कराया गया था। उसके चारों ओर से बंधा बना दिया गया था। उसी बंधे के ऊपर आने-जाने के लिए सड़क भी बिछा दी गई थी लेकिन बृहस्पतिवार को हुई तेज बारिश से पूरा बंधा ही ढह गया। उसके ऊपर डाली गई सड़क भी ढह गई। इससे अमृत सरोवर को काफी नुकसान पहुंचा है। पूरा अमृत सरोवर भी पानी से खाली हो गया है। संवाद
उसावां धंस गई इंटरलॉकिंग सड़क
उसावां। बृहस्पतिवार को कस्बे के वार्ड नंबर पांच में रिंकू गुप्ता के मकान के सामने सड़क धंस गई। इससे कस्बे के लोग डर गए। उन्होंने सड़क से ही गुजरना बंद कर दिया। बाद में सूचना पर नगर पंचायत अध्यक्ष प्रियंका सिंह मौके पर पहुंचीं। उन्होंने कर्मचारियों को भेजा। इंटरलॉकिंग सड़क को दोबारा उखाड़कर उसमें मिट्टी डालकर सही करा दिया गया है। इससे कस्बे के लोगों को राहत मिली है। संवाद
–
आसफपुर का प्राचीन मंदिर ढहा
आसफपुर। आसफपुर में शुक्रवार को काली माता का प्राचीन मंदिर ढह गया। यह मंदिर अरिल नदी किनारे बना हुआ था। गनीमत यह रही कि उस दौरान मंदिर में कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। लोगों ने उसमें रखीं देवी-देवताओं की प्रतिमाओं को निकालकर सुरक्षित रख लिया है। संवाद

सहसवान के कौल्हाई में टूटा अमृत सरोवर का बांध।

सहसवान के कौल्हाई में टूटा अमृत सरोवर का बांध।

सहसवान के कौल्हाई में टूटा अमृत सरोवर का बांध।