Budaun News: हाईटेंशन लाइन टूटकर गिरीं, दो भैंसें मरीं, एक झुलसी
सहसवान कस्बे में कछला तिराहे के नजदीक हुआ हादसा, बाल-बाल बचे लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
सहसवान (बदायूं)। कस्बे में कछला तिराहे के नजदीक बुधवार को हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिर गया, जिसकी चपेट में आने से दो भैंसें मर गईं जबकि एक झुलस गई। हादसे में स्थानीय लोग बाल-बाल बच गए। लोगों का आरोप है कि हाईटेंशन काफी जर्जर थी। कई शिकायत करने के बावजूद नहीं बदली गई। इससे यह हादसा हुआ।
कछला तिराहे के नजदीक नवाब पुत्र अहमद सईद और नवाशे पुत्र सूखे के घर हैं। उनके घरों के ऊपर से हाईटेंशन लाइन गुजर रही है। नवाब और नवाशे का कहना है कि उन्होंने सुबह पांच बजे अपने पशुओं को निकालकर घर के बाहर बांध दिया था। वहीं उनको चारा डाल दिया गया। उनके पशु चारा खा रहे थे।
सुबह करीब छह बजे अचानक हाईटेंशन लाइन टूटकर उनके पशुओं पर गिर गई। जिसकी चपेट में आने से दो भैंसें मर गईं जबकि एक गंभीर रूप से झुलस गई। जहां पर तार गिरा था, वहां स्पॉर्किंग होने से जमीन की घास तक जल गई। लोगों ने पावर कॉरपोरेशन और राजस्व विभाग के अधिकारियों को सूचना दे दी है।