Budaun News: हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिरा, चार छुट्टा पशुओं की मौत
संवाद न्यूज एजेंसी, बदायूं
Updated Sun, 15 Oct 2023 12:43 AM IST
नाधा (बदायूं)। उघैती थाना क्षेत्र के गांव रामनगर में जर्जर हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिरने से चार छुट्टा पशुओं की मौत हो गई। सुबह पांच बजे पशु एक बाजरे के खेत में चर रहे थे, तभी चार टूटकर गिर गया। गनीमत रही कि उस दौरान कोई ग्रामीण वहां नहीं था। बाद में पहुंचे ग्रामीणों की सूचना पर ग्राम प्रधान और ऊर्जा निगम के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने जेसीबी से गड्ढा खुदवाकर पशुओं के शव दफन करा दिए।
शनिवार सुबह करीब पांच बजे गांव रामनगर के रामस्वरूप और टीटू के बाजरे के खेत में कई छुट्टा पशु चर रहे थे। खेत से होकर हाईटेंशन लाइन गुजर रही है, जो बेहद जर्जर है। कई बार शिकायत करने के बावजूद इसे बदला नहीं गया है। इस लाइन के तार टूटकर खेत में गिर गए। इसकी चपेट में आने से चार छुट्टा पशुओं की मौत हो गई। हादसे के बाद पहुंचे ऊर्जा निगम के कर्मचारियों ने लाइन के तार जोड़कर आपूर्ति सुचारू करा दी।