Budaun News: आईएएस अफसर करेंगे सरकार की योजनाओं की पड़ताल
जिले में आएंगे जल निगम के संयुक्त प्रबंध निदेशक ज्ञानेंद्र सिंह
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। सरकार की योजनाओं का लाभ जनता को सीधे मिल पा रहा है या नहीं। इसकी जांच सरकार अपनी ओर से भी चेक करा रही है। ऐसे में सरकार ने 26 आईएएस अधिकारियों को इस काम में लगाया है। ताकि वह सच्चाई को सरकार के सामने रख सकें। ऐसे में जिले में संयुक्त प्रबंध निदेशक जल निगम ज्ञानेंद्र सिंह को भेजा जा रहा है।
केंद्र सरकार की तरफ से कई कल्याणकारी योजनाएं चल रही हैं। जिसमें प्रधानमंत्री आवास योजना, अटल पेंशन योजना, प्रधानमंत्री जन-धन योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, आयुष्मान भारत योजना, आत्मनिर्भर भारत रोजगार योजना के अलावा कई योजनाएं भी शामिल हैं।
इन योजनाओं की जमीनी स्तर पर क्या स्थिति है। इसके बारे में अभी शासन को ज्यादा जानकारी नहीं है। जो जिला स्तर से फीड बैक जाता है, केवल उन्हें उतना ही पता चलता है। ऐसे में इसकी पड़ताल के लिए आईएएस अधिकारियों को लगाया है। यहां शासन की ओर से जल निगम के संयुक्त प्रबंध निदेशक ज्ञानेंद्र सिंह को जिम्मेदारी दी गई है। वह छह जुलाई को जिले में आएंगे। आठ जुलाई तक रहेंगे और योजनाओं की पड़ताल करने के बाद रिपोर्ट शासन को देंगे।