Budaun News: शिव मंदिर में मूर्ति क्षतिग्रस्त, पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया
उझानी (बदायूं)। बरेली-मथुरा हाईवे स्थित बाइपास पर कोल्ड स्टोरेज के पास स्थित शिव मंदिर में बुधवार को मूर्ति क्षतिग्रस्त मिलने से लोगों में रोष फैल गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों से जानकारी जुटाई। इसके बाद शक के आधार पर एक युवक को हिरासत में ले लिया। उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने युवक को मनोरोगी बताया है।
शिव मंदिर की मूर्ति किस समय क्षतिग्रस्त की गई, यह तो किसी को नहीं पता लेकिन दोपहर बाद भाकियू नेता गंगा सिंह मंदिर के पास से होकर गुजरे तो उन्हें मोहल्ले के एक व्यक्ति ने मूर्ति क्षतिग्रस्त होने की जानकारी दी। इसके बाद वहां भीड़ लग गई। गद्दीटोला मोहल्ले के कई लोग आसपास इलाके के लोगों से जानकारी करने में जुट गए। बाद में पुलिस मौके पर पहुंची तो एक युवक को मंदिर के आसपास घूमते देखे जाने का पता चला। दरोगा राहुल पुंडीर ने युवक को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान वह अनर्गल बातें करने लगा। पुलिस ने उसे मनोरोगी बताया हैै।
मोहल्ले के लोगों का कहना है कि करीब सात साल पहले भी मंदिर में मूर्ति क्षतिग्रस्त की गई थी। तब भी इसी युवक पर शक जताया गया था, लेकिन तब पुलिस ने खुद ही मंदिर में नई मूर्ति स्थापित करा दी थी। दरोगा पुंडीर ने बताया कि युवक ने खुद को गद्दीटोला मोहल्ले का भीमसेन उर्फ भीमा बताया है। मूर्ति उसी ने क्षतिग्रस्त की है। पुलिस की मानें तो आठ महीना पहले उसने सब्जी मंडी के पास आंबेडकर पार्क में प्रतिमा को नुकसान पहुंचाया था।