Budaun News: गला दबाकर की थी इशारउद्दीन की हत्या, बाद में लटकाया गया था शव
गुलड़िया (बदायूं)। मूसाझाग थाना क्षेत्र के गांव मचलई में रस्सी से लटके मिले इशारउद्दीन ने आत्महत्या नहीं की थी, बल्कि उनकी गला दबाकर हत्या हुई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या होने की पुष्टि हुई है। यह भी बताया जा रहा है कि शव दो दिन रस्सी से लटका रहा था। इससे शरीर की खाल तक गल गई थी। यह हत्या किसने की, अभी यह पता नहीं चला है।
ग्राम मचलई निवासी इशारउद्दीन (35) पुत्र जफरउद्दीन का शव बुधवार शाम उनके पड़ोसी निशारउद्दीन के घर में रस्सी से लटका मिला था। बताया जा रहा था कि निशारउद्दीन का घर उस दौरान खाली पड़ा था। इशारउद्दीन चार भाइयों में सबसे बड़े थे। वह शादीशुदा थे। उनकी पत्नी गुड़िया अपने चार बच्चों के साथ मायके में शाहजहांपुर के वाराकलां के नजदीक श्रीनगर गांव में रह रही है।
इशारउद्दीन भी वहीं रहते थे, लेकिन वह कुछ दिन पहले अपने गांव आ गए थे। परिवार वालों ने यह तो बताया था कि वह शराब पीने के आदी थे। उस वक्त माना जा रहा था कि इशारउद्दीन ने फंदे से लटककर जान दी है, लेकिन इसमें पोस्टमार्टम रिपोर्ट से बड़ा खुलासा हुआ है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उनकी गला दबाकर हत्या बताई गई है।
यह भी बताया गया है कि शव दो दिन पुराना था। शरीर का मांस तक गलना शुरू हो गया था। इसमें हैरानी की बात यह है कि परिवार के किसी व्यक्ति ने दो दिन लापता होने के बावजूद गुमशुदगी तक दर्ज नहीं कराई थी। वो तो पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हत्या की पुष्टि हुई है। अभी इस संबंध में पुलिस किसी नतीजे पर नहीं पहुंची है। एसओ शिवेंद्र भदौरिया ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या बताई गई है। इसके बारे में छानबीन कर रहे हैं। जल्द ही किसी नतीजे पर पहुंच जाएंगे।