Budaun News: अवैध संबंधों के शक में हुई थी इशारउद्दीन की हत्या
पुलिस ने हत्यारोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। मचलई गांव के इशारउद्दीन का हत्यारोपी उसका पड़ोसी निकला। उसने पत्नी से अवैध संबंधों के शक में पहले युवक को शराब पिलाई। बाद में उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी और फिर रस्सी के फंदे से शव को लटकाकर भाग गया। पुलिस ने हत्यारोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
बुधवार को मूसाझाग थाना क्षेत्र के गांव मचलई निवासी इशारउद्दीन का शव पड़ोसी निशारउद्दीन के घर में फंदे से लटका मिला था। पुलिस इसे आत्महत्या मान रही थी लेकिन जब शव का पोस्टमार्टम कराया गया तो उसमें हत्या की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई।
इस संबंध में पड़ोसी बाबू पुत्र अलाउद्दीन को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में उसने बताया कि इशारउद्दीन का उसके घर आना-जाना था। उसे शक हो गया था कि इशारउद्दीन की नजर उसकी पत्नी पर है। वह पहले से डरा हुआ था। उसकी दो पत्नियां छोड़कर जा चुकी थीं। इशारउद्दीन जो कमाता था। वह सारा पैसा उस पर खर्च कर देता था। उसे शराब पिलाता था। इससे शक और ज्यादा हो गया। इससे उसने रविवार की रात उसके साथ बैठकर शराब पी।
वह निसारउद्दीन के खाली मकान में ले गया। वहां भी इशारउद्दीन को खूब शराब पिलाई। तभी हल्की बारिश होने लगी। वह उठकर भूसे वाले कमरे में चले गए। वहां उसने प्लास्टिक की रस्सी से इशारउद्दीन की गला घोंटकर हत्या कर दी और उसके शव को रस्सी से ही लटकाकर चला गया।