बदायूं

Budaun News: मंडी गेट पर फिर लगा जाम, कांवड़िये भी फंसे

Connect News 24

Jam at Mandi Gate again, Kanwariyas also got stuck

उझानी में मंडी गेट पर जाम में फंसे वाहन। संवाद

– मक्का लदे वाहनों को बेतरतीब खड़े कर देने से आवागमन प्रभावित

– पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को दूसरी तरफ मोड़कर खुलवाया जाम

संवाद न्यूज एजेंसी

उझानी (बदायूं)। कृषि उत्पादन मंडी समिति में मक्का की आवक के साथ बृहस्पतिवार को अनाज लदीं ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से हाईवे पर एक बार फिर जाम लग गया। करीब दो घंटे तक लगे जाम के कारण कांवड़ियों को भी परेशान होना पड़ा।

बरेली-मथुरा हाईवे पर मक्का लदे वाहनों की वजह से पहले भी तीन-चार बार जाम लग चुका है। इसी क्रम में बृहस्पतिवार प्रात: 10 बजे मंडी के आसपास के धर्मकांटों के पास तौल के लिए अनाज लदे वाहन पहुंचे तो कुछ ड्राइवरों ने अपने वाहनों को बेतरतीब खड़ा कर दिया। इसके बाद हाईवे पर लगे जाम में अन्य वाहन भी फंसते चले गए। हाईवे से होकर बदायूं, बरेली तो दूसरी तरफ कासगंज, मथुरा और आगरा की ओर जाने वाले वाहन भी जाम में फंस गए।

कछला से कांवड़ लेकर निकले शिवभक्तों की दो टोलियों को भी जाम का सामना करना पड़ा। इसकी भनक लगते ही कोतवाली से पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे और आवागमन शुरू कराने के लिए भारी वाहनों को जाम स्थल से पहले ही रोकना शुरू कर दिया।

इसके बाद अनाज लदी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को दूसरी तरफ मोड़ कर सबसे पहले कांवड़ियों, फिर रोडवेज बसों और ट्रकों को निकलवाया गया। करीब दो घंटे बाद आवागमन सुचारू हो जाने पर पुलिस समेत आसपास के दुकानदारों ने राहत महसूस की। बता दें कि मंडी गेट के पास धर्मकांटों तक पहुंचने के लिए ट्रैक्टर चालक दो-दो लाइनें लगा देते हैं। इसी वजह से जाम लग जाता है।

बुधवार बंदी की वजह से मंडी में बढ़ी मक्का की आवक

कृषि उत्पादन मंडी समिति में बुधवार को तौल बंद रहती है। हालांकि कुछेक आढ़ती बंदी के दिन भी तौल कराते हैं लेकिन इलाके के अधिकतर किसानों को बंदी के दिन अनाज का रेट कम होने की आशंका रहती है। इसी के चलते वह बंदी के दिन मंडी नहीं आते। इसी कारण बृहस्पतिवार को मक्का की आवक बढ़ने के कारण ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की संख्या में इजाफा होने से जाम लगा।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button