Budaun News: ककोड़ा मेले से लौटे कल्पवासी गंगातट पर छोड़ गए कूड़े-कचरे के ढेर


मेला ककोड़ा में कचरा साफ करते कर्मचारी। संवाद
कादरचौक। ककोड़ा मेले से कल्पवासी लौट गए हैं। दुकानदार भी जाने लगे हैं। सोमवार को झंडी मेले से वापस ककोड़ देवी मंदिर में स्थापित कर दी जाएगी, इसके बाद मेले का समापन हो जाएगा। बेरौनक हो चुके मेले में अब अगर कुछ बाकी है तो परिसर और गंगातट पर कूड़े-कचरे के ढेर। हर तरफ गंदगी ही गंदगी नगर आ रही है। इसकी सफाई के लिए ब्लॉक कादरचौक क्षेत्र के सफाई कर्मचारियों को लगाया गया है।
कादरचौक क्षेत्र में 20 नवंबर से शुरू हुए मेले में आसपास के लोग अब भी खरीदारी के लिए पहुंच रहे हैं। लिहाजा अब भी काफी दुकानें लगी हैं। इनमें अधिकांश गर्म कपड़ों, पत्थर के सिल-बट्टों और खेती-किसानी के देसी उपकरणों की हैं। हालांकि मेले से श्रद्धालु पूरी तरह वापस हो चुके हैं। तमाम व्यापारी भी लौट गए हैं। अब मेला परिसर में हर तरफ गंदगी पसरी दिख रही है।
पंचायतीराज विभाग सफाई कर्मचारियों को भेजकर मेला परिसर और गंगातट पर सफाई करा रहा। कूड़े-कचरे को गहरे गड्ढे में दबाया जा रहा है। मेले में सफाई व्यवस्था के नोडल अफसर एडीओ पंचायत शिव कुमार ने बताया कि शनिवार को 70 सफाई कर्मचारियों को लगाकर सफाई कराई गई।
गांव वालों को भा रहीं लाठियां
मेले की बांस मंडी में ग्रामीणाें को लाठियां खूब भा रही हैं। बांस मंडी में शनिवार को दुकानों पर लाठियों की जमकर बिक्री हुई। जानवरों को सजाने का सामान भी खूब बिका। हालांकि नखासा न लगने से अब जानवरों को सजाने का सामान ज्यादा नहीं बिकता है, लेकिन फिर भी कई दुकानें मेले में आती हैं।

मेला ककोड़ा में कचरा साफ करते कर्मचारी। संवाद

मेला ककोड़ा में कचरा साफ करते कर्मचारी। संवाद