Budaun News: कांवड़ियों ने पकड़ी रफ्तार.. जलाभिषेक से पहले भीड़ अपार

उझानी में कांवड़ियों का स्वागत कर उन्हें फल और मिठाई बांटते एसएसपी डॉ.ओपी सिंह।
– कछला गंगाघाट पर गूंजे भगवान शिव के जयकारे, पुरोहितों से कराया कांवड़ पूजन
– सोमवार को शिव मंदिरों में करेंगे जलाभिषेक
संवाद न्यूज एजेंसी
उझानी/कछला (बदायूं)। सावन के दूसरे सोमवार को जलाभिषेक करने के लिए कांवड़ियों ने रफ्तार पकड़ ली है। शुक्रवार देर रात तक बरेली-मथुरा हाईवे पर कांवड़ियों की टोलियों ने जमकर धमाल मचाया। नाचते-गाते कांवड़िये डीजे साउंड सिस्टम पर झूमते हुए शिव मंदिरों की ओर निकल पड़े।
गंगाघाट पर बरेली, बदायूं, कासगंज, हाथरस और पीलीभीत जिलों के कांवड़ियों ने कांवड़ यात्रा शुरू करने से पहले आस्था की डुबकी लगाई। पुरोहितों से कांवड़ पूजन कराया। कांवड़ की आरती भी की गई। गंगा किनारे के सभी घाटों पर कांवड़ियों की भीड़ नजर आई।
कासगंज जिले के कांवड़ियों ने पुल के पास जमकर धूम धड़ाका किया। कलाकारों के साथ कांवड़िये खूब झूमे। इसके अलावा बरेली, पीलीभीत और बदायूं जिले के कांवड़ियों की टोलियों से बरेली-मथुरा हाईवे शिवभक्ति से गुलजार रहा। बरेली के बुखारा निवासी कांवड़ियों की टोली में शामिल अजयपाल ने बताया कि उनकी टोली के शिवभक्त सोमवार को गौरीशंकर मंदिर में जलाभिषेक करेंगे।
इसके अलावा पीलीभीत के शिवभक्त डाक कांवड़ लेकर कछला से निकले। बता दें कि यह सभी सावन के दूसरे सोमवार को शिव मंदिरों में जलाभिषेक करेंगे। घाट के पुरोहित हरीओम शर्मा ने बताया कि रविवार को इस सावन में अब तक की सर्वाधिक भीड़ जुटने की उम्मीद है।
–
फोटो-11
एसएसपी समेत अफसरों ने फूल बरसाए, भक्तों को बांटी मिठाई
उझानी में कल्याण सिंह चौक पर कोतवाली पुलिस के शिविर में कांवड़ियों का स्वागत-सत्कार किया गया। एसएसपी डॉ.ओपी सिंह, पूर्व राज्यमंत्री विमलकृष्ण अग्रवाल, एसपी सिटी अमित किशोर श्रीवास्तव, सीओ सिटी आलोक कुमार, प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह ने कांवड़ियों पर फूल बरसाए। कांवड़ियों को मिठाई और फल वितरित किए गए। पुलिस अफसरों ने कांवड़ियों से पुलिस व्यवस्था का फीडबैक भी लिया।

उझानी में कांवड़ियों का स्वागत कर उन्हें फल और मिठाई बांटते एसएसपी डॉ.ओपी सिंह।