Budaun News: जलाभिषेक से पहले हाईवे पर उमड़ा कांवड़ियों का सैलाब

उझानी में कांवड़ियों की टोली में थिरकते कलाकार। संवाद
– सावन महीना के अंतिम सोमवार को मंदिरों में करेंगे पूजा-अर्चना
– डीजे साउंड और कलाकारों ने बढ़ाया कांवड़ियों का हौसला
संवाद न्यूज एजेंसी
उझानी/ कछला। सावन के अंतिम सोमवार को शिव मंदिरों में जलाभिषेक से पहले रविवार को बरेली-मथुरा हाईवे पर कांवड़ियों का सैलाब उमड़ पड़ा। सैकड़ों की संख्या में टोलियों में शामिल कांवड़ियों ने आस्था की डुबकी लगाने के बाद यात्रा शुरू की।
कछला गंगाघाट पर कांवड़ियों की टोलियों के पहुंचने और घाट से कांवड़ लेकर निकलने का सिलसिला रविवार देर रात तक चलता रहा। ट्रैक्टर-ट्रॉलियों समेत निजी वाहनों से घाट पर पहुंचे कांवड़ियों ने डुबकी लगाने के बाद पहले कांवड़ पूजन किया, फिर आरती हुई। पुरोहितों ने मंत्रोच्चार किया। कांवड़ यात्रा के दौरान बरेली-मथुरा हाईवे पर भोले के भक्तों ने जमकर धमाल मचाया। डीजे साउंड लगे वाहनों के पीछे-पीछे युवकों की टोलियां भी दिखीं। ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर थिरकते कलाकारों ने कांवड़ियों का हौसला बढ़ाने का काम किया। उनके साथ थिरकते कांवड़ियों को शिव मंदिरों की ओर जाने वाली राह भी आसान लगी। दिन में सर्वाधिक टोलियां बरेली और बदायूं के कांवड़ियों की निकलीं। देर शाम से बदायूं समेत आसपास के कस्बों के बाइक सवार कांवड़ियों ने जलाभिषेक के लिए कूच कर दिया।
जेसीबी पर खड़े होकर कांवड़ियों पर फूल बरसाए
– कछला नगर पंचायत के अध्यक्ष जगदीश सिंह लौनिया चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव गुप्ता, ब्लॉक प्रमुख शिशुपाल सिंह, रानी सिंह पुंडीर, यदुनेश यादव समेत भाजपा के नेताओं ने रविवार दोपहर कांवड़ियों का जोरदार स्वागत किया। कछला चौराहे के पास जेसीबी पर सवार भाजपा जिलाध्यक्ष और नगर पंचायत अध्यक्ष ने कांवड़ियों की टोलियों पर फूल बरसाए। कांवड़ियों के स्वागत के लिए पांच जेसीबी का इस्तेमाल किया गया।
कांवड़ियों की सेवा में भक्तों ने कराए भंडारे
– रविवार को कांवड़ियों की सेवा में कई प्रमुख व्यक्तियों ने उनकी भोजन सेवा में कोई कसर नहीं छोड़ी। बुटला के पास मेंथा फैक्ट्री मालिक संजीव साहू और सुशील साहू ने भंडारा कराया। गठौना के प्रधान नवीन कुमार एपीएस स्कूल के सामने कांवड़ियों की भोजन सेवा की। इसके अलावा रास्ते में वितरोई मोड़ से लेकर बदायूं तक भंडारों में कांवड़ियों ने लजीज पकवानों का जायका लिया।

उझानी में कांवड़ियों की टोली में थिरकते कलाकार। संवाद

उझानी में कांवड़ियों की टोली में थिरकते कलाकार। संवाद